असम की जेलों में HIV का अलर्ट, 226 कैदी पॉजिटिव मिलने से मचा हड़कंप; हिमंता सरकार ने दिए जांच के आदेश
असम की 31 जेलों में HIV स्क्रीनिंग के दौरान 226 कैदी पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें से 202 कैदियों को ART दी जा रही है. श्रीभूमि जेल में भी 11 कैदी HIV पॉजिटिव मिले हैं.
असम: असम की जेलों में कैदियों के बीच HIV संक्रमण के मामले सामने आने के बाद राज्य सरकार एक्शन में आ गई है. राज्य की 31 जेलों में स्क्रीनिंग के दौरान 226 कैदी HIV पॉजिटिव पाए गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह पता लगाएगी कि संक्रमित व्यक्ति को HIV संक्रमण किन परिस्थितियों में हुआ. साथ ही संक्रमित कैदियों को जरूरी मेडिकल देखभाल और इलाज उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है. सरकार के मुताबिक, मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और संक्रमण से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जाएगी.
जांच में क्या आया सामने?
सरकारी सूत्रों के अनुसार राज्य की 31 जेलों में कैदियों की HIV स्क्रीनिंग की गई थी. जांच में कुल 226 कैदी HIV पॉजिटिव पाए गए. इनमें से 202 कैदियों को फिलहाल एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी यानी ART दी जा रही है. स्वास्थ्य विभाग और संबंधित टीमें संक्रमित कैदियों को इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटी हैं.
Also Read
श्रीभूमि जेल में 11 कैदी संक्रमित
श्रीभूमि जिला जेल में भी HIV संक्रमण के मामले सामने आए हैं. यहां 445 कैदियों में से 11 HIV पॉजिटिव पाए गए हैं. संक्रमित कैदियों में एक महिला कैदी भी शामिल बताई गई है. जेल अधिकारियों के अनुसार, पॉजिटिव पाए गए ज्यादातर कैदी NDPS मामलों से जुड़े हैं.
मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन की ओर से संक्रमित कैदियों की मेडिकल निगरानी की जा रही है. एड्स कंट्रोल कमिटी के सदस्य भी नियमित रूप से जेल का दौरा कर HIV पॉजिटिव कैदियों को मेडिकल इलाज और जरूरी काउंसलिंग उपलब्ध करा रहे हैं. जेल की इंचार्ज मजिस्ट्रेट अन्वेषा खेरशा के अनुसार, जरूरत पड़ने पर HIV पॉजिटिव विचाराधीन कैदियों को बेहतर इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज भेजा जाता है.
सुरक्षा के कारण जेलों में पहुंच रही मेडिकल टीमें
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुछ कैदियों को जेल से ART सेंटर तक ले जाना मुश्किल होता है. ऐसे में मेडिकल टीमें खुद जेलों में पहुंचकर इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं. इससे HIV पॉजिटिव कैदियों का इलाज लगातार जारी रखने में मदद मिल रही है.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि सरकार मामले की विस्तृत जांच करेगी. जांच का उद्देश्य संक्रमण के स्रोत और उन परिस्थितियों को समझना है, जिनमें संबंधित कैदियों को HIV संक्रमण हुआ. इस बीच असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल के अनुसार, राज्य में करीब 33,000 सक्रिय HIV/AIDS मरीज हैं. जेलों में सामने आए नए मामलों के बाद कैदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच और मेडिकल सुविधाओं को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.