West Bengal Assembly Election 2026

'कल से GST उत्सव शुरू, सबको मिलेगा फायदा', PM मोदी ने राष्ट्र के संबोधन में जीएसटी सुधार पर दिया बयान

पीएम मोदी जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर देश को संबोधित कर रहे हैं. 22 सितंबर यानी कल से देश में जीएसटी की नई दरें लागू हो जाएगी. मोदी सरकार ने इसे जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम का नाम दिया है जिससे समाज के हर वर्ग को फायदा होगा और लोगों की जेब में ज्यादा पैसा बचेगा.

x
Sagar Bhardwaj

GST Reforms: पीएम मोदी जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर देश को संबोधित कर रहे हैं. 22 सितंबर यानी कल से देश में जीएसटी की नई दरें लागू हो जाएगी. मोदी सरकार ने इसे जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम का नाम दिया है जिससे समाज के हर वर्ग को फायदा होगा और लोगों की जेब में ज्यादा पैसा बचेगा. पीएम मोदी ने कहा कि इस फेस्टिव सीजन में हर देशवासी का मुंह मीठा होगा.

पीएम ने कहा कि कल से देश में जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत होने जा रही है. कल से हर परिवार की खुशियां बढ़ेंगी और यह सब केंद्र व राज्यों की पहल की वजह से संभव हो सकता है. हर राज्य की शंका का समाधान किया गया है. वन नेशन, वन टैक्स का सपना साकार होगा. पीएम ने कहा कि टैक्स के जाल से सभी को परेशानी होती थी लेकिन जीएसटी रिफॉर्म से सब कुछ आसान हो गया.

देश को बचत उत्सव की शुभकामनाएं

पीएम ने देश को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 22 सितंबर से नवरात्रि का प्रथम दिवस है और इसी दिन से नया नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी लागू किया जाएगा. पीएम ने इसे एक विशेष अवसर बताते हुए कहा कि यह केवल एक त्योहार का समय नहीं बल्कि आर्थिक विकास और टैक्स प्रणाली में सुधार का भी महत्वपूर्ण फेज है.


पीएम ने कहा कि जीएसटी कम होने और नियम व प्रक्रिया के आसान होने से MSME को बहुत फायदा होगा, उन्होंने कहा कि MSME की ना केवल बिक्री बढ़ेगी बल्कि उन्हें टैक्स भी कम देना होगा. पीएम ने कहा कि मुझे MSME से बहुत अपेक्षाएं हैं, जब भारत तरक्की के शिखर पर था तब उनका आधार MSME ही थे. भारत में बने सामानों की क्वालिटी बेहतर होती थी, हमें उस गौरव को वापस पाना है. हमें कुछ ऐसा करना है कि हमारे यहां बना सामान दुनिया में बेस्ट हो.

आत्मनिर्भर बनकर ही पूरा हो सकता है विकसित भारत का सपना

पीएम मोदी ने एक बार फिर से आत्मनिर्भरता की बात अपने संबोधन में कही. उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता. साथ ही पीएम ने कहा कि MSME के कंधों पर ही आत्मनिर्भर भारत का बड़ा दायित्व है. पीएम ने कहा कि जो देश को लेगों की जरूरत का सामना है उसे हमें देश के अंदर ही बनाने की कोशिश करनी चाहिए.

गरीबों को मिला बोनांजा

पीएम ने कहा कि अब गरीबों की भी बारी है. अब गरीबों को डबल बोनांजा मिल रहा है. जीएसटी कम होने से उनके लिए टीवी, फ्रिज, बाइक, स्कूटर खरीदने के लिए कम खर्च करना होगा और घूमना फिरना भी सस्ता होगा क्योंकि होटल का किराया भी अब कम हो जाएगा.

पीएम ने कहा कि अब सिर्फ 5 और 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा और लोगों के लिए रोजमर्रा और खाने-पीने की चीजें सस्ती हो जाएंगी. उन्होंने कहा कि जिन सामानों पर अब तक 12% टैक्स लगता था उनमें से 99% चीजें अब 5% टैक्स के दायरे में आ गई हैं.

वन नेशन वन टैक्स का सपना हुआ साकार

पीएन ने कहा कि जीएसटी सुधारों के साथ वन नेशन वन टैक्स का सपना साकार हो गया है. उन्होंने कहा कि सुधार लगातार चलने वाली प्रक्रिया होती है. समय और जरूरत के हिसाब से इसमें बदलाव होते हैं.  इसलिए देश की वर्तमान जरूरतों और भविष्य के हिसाब से जीएसटी रिफॉर्म किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश को यहां से निकालना बहुत जरूरी था. उन्होंने कहा कि जब देश की जनता ने हमें 2014  में अवसर दिया तो हमने जीएसटी को प्राथमिकता बनाया. हमने हितधारकों और राज्यों से इस पर बात की. हर समस्या का समाधान खोजा तब जाकर आजाद भारत का सबसे बड़ा टैक्स रिफॉर्म संभव हो पाया.