यूपी में 111 मौतों पर राष्ट्रपति पुतिन ने जताया दुख, तेज आंधी ने बरपाया कहर

उत्तर प्रदेश में आए विनाशकारी तूफान और बारिश से मची भारी तबाही अब विदेश तक पहुंच गई है. 111 मौतों पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

X
Ashutosh Rai

उत्तर प्रदेश में कुदरत के कहर ने सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया भर को झकझोर कर रख दिया है. पिछले 24 घंटों में आंधी, ओलावृष्टि और तेज बारिश के कारण राज्य में 111 लोगों की दर्दनाक तरीके से जान जा चुकी है. इस भारी तबाही और जनहानि की खबर सुनकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी काफी दुखी हुए हैं. उन्होंने भारत के शीर्ष नेतृत्व को अपना आधिकारिक शोक संदेश भेजते हुए उत्तर प्रदेश की इस प्राकृतिक त्रासदी पर गहरी सहानुभूति और दुख प्रकट किया है.

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को शोक संदेश

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर प्रदेश में आए इस भयानक तूफान से हुई भारी क्षति पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आधिकारिक शोक संदेश भेजा. पुतिन ने अपने पत्र में लिखा है कि इस बड़े पैमाने पर हुई तबाही से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है. उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि उनकी यह सहानुभूति उन पीड़ित परिवारों तक जरूर पहुंचाई जाए. उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना भी की.

हवा में उड़ा अधेड़

बरेली से एक हैरान कर देेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. यहां आई तेज आंधी में एक पचास साल का व्यक्ति टिन शेड के साथ लगभग पचास फीट की ऊंचाई तक हवा में उड़ गया. इंटरनेट पर भी लोग यह जानकर काफी हैरान हैं कि यह शख्स हवा में उड़ते हुए करीब एक सौ मीटर दूर जाकर एक खेत में गिरा. इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद उसकी जान बच गई लेकिन उसका हाथ टूट गया.

पांच दिनों का अलर्ट

15 मई: पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी। आसमान साफ रहेगा. पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
16 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी. रात में भी गर्मी का एहसास होगा. कुछ इलाकों में लू चलेगी.
17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.
18 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा. लू चलने से गर्मी बढ़ेगी.
19 मई: पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी। लू चलने के आसार हैं. ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री पार करेगा.