चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग को लेकर राष्ट्रपति, सीजेआई, उपराष्ट्रपति ने जाहिर की खुशी, जानें क्या जाहिर की प्रतिक्रिया

Chandrayaan-3 Moon Landing: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसरो और मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि "यह एक अविस्मरणीय क्षण है और वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है"

Avinash Kumar Singh

नई दिल्ली: चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग होने के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है. शाम 6 बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 ने सफल लैंडिंग की है. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर देश भर में खुशी का माहौल है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसरो और मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि "यह एक अविस्मरणीय क्षण है और वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है. ये एक ऐसी घटना है जो जीवनकाल में एक बार होती है. मैं इसरो, चंद्रयान-3 मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देती हूं और उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं"

विक्रम लैंडर की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग के साथ, भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है. यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि भारत दुनिया में चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर लैंड करने वाला पहला देश बन गया है. यह सफलता भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में क्षमता और शक्ति का प्रमाण है.