BMW से रेस का शौक पड़ा महंगा! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार पोर्श, वीडियो में देखें कैसे मलबे में तब्दील हुई लग्जरी कार

Porsche Car Accident: मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर तेज रफ्तार पोर्श कार के डिवाइडर से टकराने की घटना ने सनसनी मचा दी है. हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. कहा जा रहा है कि यह दुर्घटना एक बीएमडब्ल्यू के साथ रेस के दौरान हुई है.

X (@AHindinews)
Babli Rautela

Porsche Car Accident: मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर जोगेश्वरी के पास देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है. एक तेज रफ्तार पोर्श कार, जो कथित तौर पर एक बीएमडब्ल्यू के साथ रेस कर रही थी, अचानक कंट्रोल खो बैठी और डिवाइडर से टकरा गई. इस भयानक हादसे में दो लोग घायल हो गए है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बुरी तरह क्षतिग्रस्त पोर्श कार सड़क पर पलटी हुई दिखाई दे रही है.

वायरल वीडियो में सफेद रंग की पोर्श कार (नंबर DN 09Q 1777) को मोगरा मेट्रो स्टेशन के पास डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क के बीचोंबीच पड़े देखा जा सकता है. कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, कार में दो लोग सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एयरबैग खुल गए और कार का बोनट उखड़ गया. 

देर रात डिवाइडर से टकराई पोर्श कार

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रात करीब 2 बजे की है. पुलिस के मुताबिक, 'तेज रफ्तार पोर्श कार मुंबई के मोगरा मेट्रो स्टेशन के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान कार का पहिया सड़क पर बने गड्ढे से टकरा गया, जिससे चालक का कंट्रोल पूरी तरह बिगड़ गया और कार डिवाइडर से जा टकराई. ' पुलिस ने बताया कि चालक के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की हालत में था या नहीं. वहीं, पुलिस ने घटना स्थल से कार को हटवाकर ट्रैफिक बहाल करा दिया है. फिलहाल रेसिंग और लापरवाह ड्राइविंग के एंगल से मामले की जांच चल रही है.

मुंबई में बढ़ रहे हैं तेज रफ्तार हादसे

मुंबई में यह घटना पिछले दो दिनों में हुई दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है. इससे पहले शहर में एक अर्टिगा कार अरब सागर में गिर गई थी, जब चालक ने कोस्टल रोड की रेलिंग तोड़ दी थी. उस हादसे में 29 साल के चालक फ्राशोगर दरयुश बट्टीवाला को महाराष्ट्र सुरक्षा बल (MSF) के जवानों ने रस्सी की मदद से बचाया था. पुलिस जांच में पता चला कि वह शराब के नशे में ड्राइविंग कर रहा था, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम (MVA) के तहत मामला दर्ज किया गया.

ट्रैफिक विभाग ने इस पर सख्ती बरतने की बात कही है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हम शहर में रात्रिकालीन ड्राइविंग पर नज़र रख रहे हैं. ऐसे सभी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई होगी जो सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करते हैं.'