चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर लेटे पवन कल्याण को पुलिस ने हिरासत में लिया, किए गए नजरबंद

Pawan Kalyan: शनिवार रात को पुलिस ने तेलंगाना-आंध्र सीमा पर पवन कल्याण के काफिले को रोक लिया, इसका विरोध करने के लिए पवन सड़क पर लेट गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, उन्हें नजरबंद किया गया है.

Sagar Bhardwaj

नई दिल्ली: तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू को कथित भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया जाने के बाद आंध्र प्रदेश में उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं. रविवार सुबह नायडू को भ्रष्टाचार निरोध ब्यूरो की अदालत में पेश किया गया.

वहीं दूसरी तरफ चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे जनसेना पार्टी के प्रमुख और पूर्व एक्टर पवन कल्याण को शनिवार रात को हिरासत में ले लिया गया.

नायडू का समर्थन करने विजयवाड़ा जा रहे थे पवन

दरअसल, शनिवार रात को पुलिस ने तेलंगाना-आंध्र सीमा पर पवन कल्याण के काफिले को रोक लिया, इसका विरोध करने के लिए पवन सड़क पर लेट गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, उन्हें नजरबंद किया गया है.

पवन कल्याण टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू का समर्थन करने लिए विजयवाड़ा जा रहे थे, चंद्रबाबू नायडू को शनिवार सुबह-सुबह नंदयाला में एक ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया था. शुरुआत में पवन फ्लाइट से विजयवाड़ा जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन किन्हीं कारणों से वह फ्लाइट से जा नहीं सके.

इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से विजयवाड़ा जाने की योजना बनाई, लेकिन शनिवार को उनके काफिले को एनटीआर जिले में दो बार रोका गया. इसके बाद कल्याण को अपने वाहन से उतरकर विजयवाड़ा में मंगलागिरी की ओर पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ा.

काफिले को विजयवाड़ा की ओर बढ़ने जाने से गुस्साए पवन अनुमान्चीपल्ली में सड़क पर ही लेट गए.

एहतियातन हिरासत में लिए गए पवन- पुलिस

नंदीगामा उपविभागीय पुलिस अधिकारी जनार्दन नायडू ने कहा, 'हमने कल्याण और मनोहर को एहतियातन हिरासत में लिया है. हम उन्हें विजयवाड़ा ले जाना चाहते हैं.'

पवन ने किया नायडू की गिरफ्तारी का विरोध

बता दें इस पवन कल्याण ने करोड़ों रुपए के कथित भ्रष्टाचार के मामले में चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का विरोध किया था. इसके लिए उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी पर निशाना साधते इस घटना को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया था.

पत्रकारों से बातचीत के दौर कल्याण ने कहा था कि जिस तरह से चंद्रबाबू नायडू को आज गिरफ्तार किया गया, वह दुखद है. जिस तरह से राज्य के अधिकारी सत्तारूढ़ दल के आदेश पर गिरफ्तारियां कर रहे हैं, हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं.

पूर्व सीएम नायडू पर क्या हैं आरोप
आंध्र के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू पर कौशल विकास निगम में घोटाला किये जाने का आरोप है. आरोप है कि इस घोटाले से सरकारी खजाने से 300 करोड़ रुपए का गबन किया गया. भ्रष्टाचार निरोध ब्यूरो (CID) ने नायडू को घोटाले का प्रमुख साजिशकर्ता नामित किया है.

यह भी पढ़ें: G20 Summit: दो दिन का समिट... 4,200 करोड़ का खर्च, आखिर भारत को इससे क्या होगा हासिल?