नारी शक्ति वंदन अधिनियम, अर्थव्यवस्था, G20 समिट से लेकर फिट इंडिया तक... जानें मन की बात में क्या-क्या बोले PM मोदी?
मन की बात की शुरुआत में पीएम मोदी ने 108वें एपिसोड को खास बताया. उन्होंने कहा कि 108 अंक का महत्व, उसकी पवित्रता एक गहन अध्ययन का विषय है. 108 का ये अंक असीम आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए मन की बात का 108वां एपिसोड मेरे लिए और खास हो गया है.
PM narendra modi Mann Ki Baat 108th episode: रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 108वें एपिसोड के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी रविवार को 'मन की बात' की. पीएम मोदी ने मन की बात के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम, देश की अर्थव्यवस्था, G20 समिट से लेकर फिट इंडिया पर बातचीत की. 2014 में शुरू हुए मन की बात का ये एपिसोड साल का आखिरी एपिसोड था.
मन की बात की शुरुआत में पीएम मोदी ने 108वें एपिसोड को खास बताया. उन्होंने कहा कि आज हमारी साझा यात्रा का 108वां एपिसोड है. हमारे यहां 108 अंक का महत्व, उसकी पवित्रता एक गहन अध्ययन का विषय है. माला में 108 मन के, 108 बार जप, 108 दिव्य क्षेत्र, मंदिरों में 108 सीढ़ियां, 108 घंटियां... 108 का ये अंक असीम आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए मन की बात का 108वां एपिसोड मेरे लिए और खास हो गया है.
इंडियन क्रिकेट टीम की जमकर की प्रशंसा, नाटू-नाटू का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया. उन्होंने ये भी कहा कि जब नाटू-नाटू को ऑस्कर मिला तो पूरा देश खुशी से झूम उठा. द एलिफेंट व्हिस्परर्स को सम्मान की बात जब सुनी तो कौन खुश नहीं हुआ. इनके माध्यम से दुनिया ने भारत की रचनात्मकता को देखा और पर्यावरण के साथ हमारे जुड़ाव को समझा.