'आदरणीय मोदी जी कहकर संबोधित न करें', संसदीय दल की बैठक में भाजपा सांसदों से बोले पीएम मोदी
दिल्ली में भाजपा की संसदीय दल की बैठक में सांसदों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नाम के पहले या बाद में विशेषण जोड़ने से उनके और देश के लोगों के बीच दूरी पैदा हो सकती हैं.
PM Modi BJP MPs parliamentary party meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीजेपी सांसदों से आग्रह किया कि वे उन्हें 'मोदी जी या आदरणीय मोदी जी' कहकर संबोधित न करें. दिल्ली में भाजपा की संसदीय दल की बैठक में सांसदों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नाम के पहले या बाद में विशेषण जोड़ने से उनके और देश के लोगों के बीच दूरी पैदा हो सकती हैं.
बैठक में मौजूद एक सांसद के मुताबिक, पीएम मोदी ने कथित तौर पर कहा कि वह पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता हैं और जनता उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती है. उन्होंने सांसदों से आग्रह किया कि वे उन्हें भी उनमें से एक समझें.
पीएम मोदी ने संसदीय दल की बैठक में क्या कहा?
द हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि मैं पार्टी का एक छोटा कार्यकर्ता हूं और लोग सोचते हैं कि मैं उनके परिवार का हिस्सा हूं. श्री या अदरणीय जैसे विशेषण न जोड़ें क्योंकि लोग मुझे उनमें से एक और मोदी के रूप में सोचते हैं. संसदीय दल की बैठक में मौजूद पीएम मोदी ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में पार्टी की जीत का श्रेय 'टीम स्पिरिट' को दिया. उन्होंने सांसदों से सामूहिक भावना के साथ आगे बढ़ने का आग्रह भी किया.
पीएम बोले- शासन मॉडल के कारण भाजपा पसंदीदा पार्टी बनी
पीएम मोदी ने ये भी कहा कि भाजपा अपने शासन मॉडल के कारण एक पसंदीदा पार्टी बन गई है. उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी के शासन समर्थक रुख के कारण भाजपा ने सत्ता विरोधी लहर को नकार दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी को लगातार दूसरी बार 57 प्रतिशत और कांग्रेस को 20 प्रतिशत वोट मिले. उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों के लिए यह प्रतिशत 49 फीसदी है.
पीएम मोदी ने मेड इन इंडिया तेजस की प्रशंसा
पीएम मोदी ने सांसदों से आगामी विकसित भारत यात्रा में भाग लेने का भी आग्रह किया, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का संदेश जनता तक पहुंचाना है. कुछ दिनों पहले फाइटर जेट में उड़ान भरने के बारे में भी पीएम मोदी ने बात की. उन्होंने मेड-इन-इंडिया तेजस लड़ाकू विमान की प्रशंसा की. पीएम ने कहा कि मेक इन इंडिया पहल की विश्व स्तर पर चर्चा हो रही है. उन्होंने स्वदेशी उत्पादन और विनिर्माण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया.