प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' चॉकलेट उपहार में देने की खबर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इंटरनेट की सबसे पसंदीदा और चर्चित राजनीतिक जोड़ी, यानी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी एक बार फिर वैश्विक स्तर पर सुर्खियों में हैं. बुधवार को पीएम मोदी ने मेलोनी को भारत की मशहूर 'मेलोडी' टॉफी का पैकेट भेंट किया. इस मजाकिया अंदाज के जरिए उन्होंने दोनों नेताओं के लिए इंटरनेट पर गढ़े गए प्रसिद्ध निकनेम 'MELODI' को आधिकारिक रूप से स्वीकार भी कर लिया है.
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस मुलाकात से जुड़े वीडियो क्लिप को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'इस खूबसूरत तोहफे के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.' पोस्ट होते ही यह रील इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई. यह वीडियो अब मेलोनी के पूरे सोशल मीडिया इतिहास की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली इंस्टाग्राम रील बन चुकी है. इस वीडियो को अब तक रिकॉर्ड 120 मिलियन (12 करोड़) से अधिक व्यूज और 7 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं.
दिलचस्प बात यह है कि जॉर्जिया मेलोनी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर जो शीर्ष तीन सबसे लोकप्रिय वीडियो हैं, उन तीनों में ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजर आ रहे हैं. इससे पहले वर्ष 2023 में दुबई के कॉप-28 (COP28) शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी द्वारा पोस्ट किया गया 'हेलो फ्रॉम द मेलोडी टीम' का सेल्फी वीडियो भी जबरदस्त हिट रहा था. वह वीडियो वर्तमान में लगभग 67 मिलियन व्यूज के साथ उनके प्रोफाइल पर दूसरी सबसे बड़ी रील बना हुआ है.
यह पूरा सोशल मीडिया क्रेज तब शुरू हुआ था, जब मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ मुस्कुराते हुए एक वीडियो पोस्ट कर उन्हें दुनिया का सबसे पसंदीदा नेता बताया था. देखते ही देखते इंटरनेट पर हैशटैग 'मेलोडी' (#Melodi) शीर्ष पर ट्रेंड करने लगा. आज के दौर में इस तरह की 'पर्सनैलिटी-ड्रिवेन डिजिटल डिप्लोमेसी' बेहद प्रभावी साबित हो रही है, जहां नेताओं के आपसी हल्के-फुल्के पल गंभीर अंतरराष्ट्रीय समझौतों से ज्यादा आम जनता का ध्यान अपनी तरफ खींचने में कामयाब रहते हैं.
पीएम मोदी की हालिया इटली यात्रा ने इस पुराने डिजिटल ट्रेंड को एक बार फिर से जीवंत कर दिया है. दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच की यह गर्मजोशी भरी मुलाकात और चॉकलेट का यह मीठा आदान-प्रदान वर्तमान में इंटरनेट पर छा गया है.