13-18 जून तक यूरोप दौरे पर होंगे PM मोदी, फ्रांस, स्लोवाकिया और G7 समिट में लेंगे हिस्सा
पीएम नरेंद्र मोदी का यूरोप दौरा शुरू होने वाला है. इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर वे फ्रांस और स्लोवाकिया जाएंगे, G7 समिट में भाग लेंगे और भारत-EU संबंध मजबूत करेंगे.
नई दिल्ली: PM मोदी जल्द ही यूरोप के दो देशों फ्रांस और स्लोवाकिया का दौरा करने वाले हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बुलावे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह यात्रा कर रहे हैं. यह दौरा भारत और यूरोप के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
फ्रांस के राष्ट्रपति के बुलावे पर पीएम मोदी 13-14 जून (नीस) और 16-19 जून (एवियन और पेरिस) तक फ्रांस की आधिकारिक यात्रा करेंगे, साथ ही 14-16 जून तक स्लोवाकिया की भी यात्रा करेंगे। यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री मोदी 14 जून को नीस में राष्ट्रपति मैक्रॉन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे
फ्रांस में क्या होगा खास?
PM मोदी सबसे पहले फ्रांस के शहर नीस पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से आमने-सामने बातचीत करेंगे. दोनों नेता भारत और फ्रांस के बीच चल रही साझेदारी की समीक्षा करेंगे. इस साझेदारी को इसी साल 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' का दर्जा दिया गया है.
Also Read
नीस में ही दोनों नेता मिलकर 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के बड़े स्टार्टअप और निवेश कंपनियां हिस्सा लेंगी. यह आयोजन भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के दौरान हो रहा है, जो दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग को दर्शाता है.
स्लोवाकिया दौरा क्यों है ऐतिहासिक?
पीएम मोदी का स्लोवाकिया दौरा इतिहास में पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री वहां जाएगा. बता दें साल 1993 में स्लोवाकिया आजाद हुया था और तब से अब तक किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री ने वहां दौरा नहीं किया था.
इस यात्रा की पृष्ठभूमि पहले से तैयार है, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अप्रैल 2025 में स्लोवाकिया जा चुकी हैं, और स्लोवाक राष्ट्रपति पेलेग्रिनी फरवरी 2026 में भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समिट में शामिल हुए थे. पीएम मोदी वहां प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी दोनों से मुलाकात करेंगे.
स्लोवाकिया के साथ व्यापार, निवेश, गाड़ी निर्माण और रेलवे जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी. यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को एक नई दिशा देगा.
G7 समिट में भारत की आवाज
पीएम मोदी फ्रांस के इविअन शहर में होने वाले G7 समिट में भाग लेंगे. यह बैठक दुनिया की सात सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की है, जिसमें भारत को खास तौर पर आमंत्रित किया गया है. समिट में तीन बड़े विषयों पर चर्चा होगी.
- नई साझेदारियां बनाना और वैश्विक एकजुटता को मजबूत करना
- सभी के लिए संतुलित और टिकाऊ आर्थिक विकास
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को सुरक्षित और तेज तरीके से लागू करना
इस दौरान पीएम मोदी कई देशों के नेताओं से अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.
पेरिस में VivaTech समिट
दौरे के आखिरी हिस्से में पीएम मोदी पेरिस जाएंगे, जहां वे यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप कार्यक्रम "विवाटेक समिट" में हिस्सा लेंगे. इस मंच पर भारत को एक बड़े नवाचार केंद्र के रूप में पेश किया जाएगा.
पेरिस में वे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे. यह दौरा भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा और डिजिटल बदलाव के क्षेत्र में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा.