प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे फेमस राजनेता बन गए. पीएम मोदी पहले नेता हैं जिनके इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स है. पीएम मोदी ने 2014 में मेटा के इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ने के बाद पिछले एक दशक में उनके अकाउंट ने वैश्विक स्तर पर सबसे आकर्षक और प्रभावशाली डिजिटल स्पेस में से एक का दर्जा हासिल किया है.
पीएम मोदी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुनी से भी ज्यादा है. डोनाल्ड ट्रंप के पास मात्र 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं. इस संख्या के साथ वो विश्व के सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले नेताओं की लिस्ट में नंबर दो पर हैं.
इस लिस्ट में पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो 15 मिलियन, ब्राजील के राष्ट्रपति 14.4 मिलियन, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैय्यब एर्दोगन 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली 6.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ क्रमशः पीछे हैं. इन पांच प्रमुख वैश्विक नेताओं के कुल फॉलोअर्स भी पीएम मोदी की अकेले संख्या से कम हैं, जो उनकी वैश्विक पहुंच और युवाओं में लोकप्रियता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है. भारत में भी यह अंतर काफी बड़ा है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16.1 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पास लगभग 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं.
पीएम मोदी की लोकप्रियता ना केवल सोशल मीडिया पर है वल्कि कई सर्वेक्षणों में उनकी अप्रूवल रेटिंग भी वैश्विक स्तर पर सबसे ऊपर रही है. दिसंबर 2025 तक स्टेटिस्टा के आंकड़ों के मुताबिक पीएम मोदी की अप्रूवल रेटिंग 70 प्रतिशत थी, जो दुनिया के चुनिंदा नेताओं की सूची में शीर्ष पर थी. अमेरिकी बिजनेस इंटेलिजेंस फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक पीएम मोदी 67 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ पहले नंबर पर हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इतनी मजबूत पकड़ केवल आंकड़े नहीं बल्कि जनसंपर्क क्षमता को भी दर्शाता है. साथ ही इसे केवल पीएम मोदी की उपलब्धि नहीं बल्कि भारत के लिए भी एक गौरव की बात माना जा रहा है.