Commonwealth Games 2026

'शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक संसद नहीं चलेगी', गांधी स्मृति से राहुल गांधी का ऐलान; NEET पर सियासत तेज

NEET पेपर विवाद जल्द सुलझता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक संसद नहीं चलने देने की बात कही है. 

X
Sagar Bhardwaj

NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित आवास पर गुरुवार को INDIA गठबंधन के नेताओं और सांसदों की अहम बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले, कांग्रेस नेता जयराम रमेश सहित कई विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए. बैठक के बाद राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक संसद की कार्यवाही सामान्य रूप से नहीं चलने दी जाएगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग भी दोहराई.

गांधी स्मृति पहुंचकर छात्रों के प्रति जताई एकजुटता

गांधी स्मृति पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि INDIA गठबंधन के सांसद शांतिपूर्ण तरीके से उन छात्रों को श्रद्धांजलि देने जा रहे हैं, जिनकी कथित तौर पर NEET पेपर लीक विवाद के बाद मौत हुई. उन्होंने कहा कि विपक्ष उन छात्रों के साथ भी खड़ा है, जो न्याय और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि विपक्ष उनकी मांगों को संसद और सड़क दोनों जगह उठाता रहेगा.


सरकार बोली- चर्चा के लिए तैयार, विपक्ष अड़ा

दूसरी ओर केंद्र सरकार ने दोहराया है कि वह NEET पेपर लीक मामले पर संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह चर्चा के लिए तैयार है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि सरकार विपक्ष के साथ जितनी देर आवश्यक हो, उतनी देर तक बातचीत करने को तैयार है. वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी कहा कि सरकार ने पिछले 24 घंटों में कई बार बातचीत का प्रस्ताव दिया है और प्रदर्शन से जुड़े सभी मुद्दों पर खुले मन से चर्चा की जा सकती है. सरकार ने प्रदर्शनकारियों को जे.पी. नड्डा के आवास या कार्यालय में वार्ता के लिए आमंत्रित किया है.

वार्ता के स्थान पर टकराव, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी

प्रदर्शनकारी संगठन CJP ने सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. संगठन का कहना है कि बातचीत किसी केंद्रीय मंत्री के आवास पर नहीं, बल्कि जंतर-मंतर या दोनों पक्षों की सहमति से तय किसी तटस्थ स्थान पर होनी चाहिए. इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष ने राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक को राजनीतिक नाटक करार देते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष जंतर-मंतर के घटनाक्रम से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है. दूसरी ओर विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है. ऐसे में संसद का मानसून सत्र लगातार गतिरोध की स्थिति में है और NEET पेपर लीक का मुद्दा सियासी टकराव का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है.