menu-icon
India Daily

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा विपक्ष, राहुल गांधी बोले- ‘डरो मत’, अखिलेश यादव भी होंगे शामिल

विपक्षी दल सोमवार को SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा विपक्ष, राहुल गांधी बोले- ‘डरो मत’, अखिलेश यादव भी होंगे शामिल
Courtesy: ANI

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दल सोमवार को दिल्ली में मार्च निकालेंगे. विपक्षी नेता कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च कर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से मुलाकात करने की कोशिश करेंगे. यह मार्च शाम चार बजे के बाद प्रस्तावित है. विपक्षी दलों के अनुसार, वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग करेगा.

अखिलेश यादव भी मार्च में होंगे शामिल

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी इस बार इंडिया गठबंधन के मार्च में शामिल होंगे. वह इससे पहले हुए दो मार्च में शामिल नहीं हुए थे. विपक्षी दलों ने इस प्रदर्शन के लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों से भाग लेने की अपील की है.

राहुल गांधी ने की एकजुट होने की अपील

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि विपक्षी दल देश की ओर से मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपेंगे. उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को रोकने, SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई.

राहुल गांधी ने कहा कि मार्च में विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ युवा, नागरिक समाज के सदस्य और संविधान में विश्वास रखने वाले लोग शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन पार्टी, जाति, समुदाय, लिंग और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर किया जाएगा. अपने संदेश में उन्होंने कहा, “डरो मत” और दावा किया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबा नहीं सकती.

केसी वेणुगोपाल ने भी किया प्रदर्शन का आह्वान

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लोगों से सोमवार के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की. उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में ‘वोट चोरी’ हो रही है और इसके लिए केंद्र की मोदी-शाह सरकार जिम्मेदार है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद, नेता, कार्यकर्ता और अन्य नागरिक मार्च में भाग लेंगे वरिष्ठ विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपेगा.

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से व्यवहार पर सवाल

राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट की भी आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे युवाओं पर पुलिसकर्मियों और भाजपा से जुड़े लोगों ने हमला किया.

इससे पहले, CJP के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और कई लोगों को हिरासत में लिया गया था.