ऑपरेशन सिंदूर में चीन ने पाकिस्तान की मदद की, भारत को पहले से थी जानकारी: MEA
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की थी और भारत को इसकी पहले से जानकारी थी. MEA ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े भारतीय जहाजों की स्थिति पर भी अपडेट दिया.
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की थी. भारत इस बात को पहले से जानता था, लेकिन अब चीन के सरकारी मीडिया ने खुद इस बात को कबूल लिया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही. उन्होंने कहा- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की थी. उन्होंने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेनाओं में पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सधी हुई और सटीक कार्रवाई की थी और आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूत करके ही दम लिया.
बोले- भारत पहले से जानता था, रिपोर्ट एकदम सही
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ही भारत को इस बात की पूरी जानकारी थी, चीन के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट एकदम सही है. बता दें कि चीनी मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मई, 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीजिंग ने पाकिस्तान की मदद की थी. उन्होंने चीन का नाम लिए बिना कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदार बनने वाले देशों को यह देखना चाहिए की आतंकियों के बुनियादी ढांचे के पैरोकार की मदद करके वह क्या दिखाना चाहते हैं. उन्होंने साफ कहा कि भारत की यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ थी और हम अपनी बात पर पूरी तरह अडिग हैं.
होर्मुज से 11 भारतीय जहाज पार हुए
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एमईए के प्रवक्ता ने कहा कि तनाव के बीच 11 भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुके हैं. उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के चलते होर्मुज स्ट्रेट में अभी भी हालात सामान्य नहीं हैं और 13 भारतीय जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं.