भांगर धमाका मामले में NIA ने टीएमसी नेता शौकत मोल्ला के घर पर मारा छापा, बेटे को साथ ले गई जांच एजेंसी
चुनावों से पहले दक्षिण 24 परगना के भांगर इलाके में हुए बम धमाके को लेकर NIA ने जांच तेज कर दी है. मिली जानकारी के मुताबिक NIA की टीम ने गुरुवार सुबह तृणमूल नेता शौकत मोल्ला के घर पर छापा मारा.
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) चुनाव से पहले भांगर के दक्षिण बामुनिया इलाके में हुए बम धमाके की जांच के लिए तृणमूल नेता शौकत मोल्ला के घर पहुंची है. NIA के अधिकारी गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उनके जीवनतला स्थित घर पहुंचे. ताला लटका देखकर वे बगल में स्थित पार्टी दफ्तर चले गए. वहां तलाशी ली गई.
मिल रही जानकारी के मुताबिक NIA की टीम उनके जीवनतला स्थित घर पर पहुंची. इस दौरा घर पर ताला लटका मिला, जिसके बाद घर के बगल में स्थित दफ्तर की भी तलाशी ली. हालांकि शौकत मोल्ला अभी कहां हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों से कुछ दिन पहले भांगर के दक्षिण बामुनिया इलाके में एक बम धमाका हुआ था. जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और अन्य कई लोग घायल हो गए थे. इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में काफी हलचल देखने को मिली. ISF यानी इंडियन सेक्युलर फ्रंट शुरू से ही इस घटना की जांच को लेकर खुली रही. पार्टी की ओर से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है और NIA से जांच का अनुरोध भी किया गया है. जिसके बाद जांच एजेंसी ने इस मामले को अपने हाथ में ले लिया. इस धमाके को लेकर कई गिरफ्तारियां की गई हैं.
मामले की जांच में जुटी टीम
मामले की जांच के दौरान इस घटना को लेकर तृणमूल नेता वाहिदुल इस्लाम सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जांचकर्ताओं का दावा है कि उन्हें शक है कि चुनावों से पहले इस इलाके में बम जमा किए गए थे और अभी इस मामले को लेकर जांच आगे जारी है. इसी जांच के क्रम में आज शौकत मोल्ला के घर और उससे जुड़े इलाके में तलाशी की गई. जांच एजेंसी की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है. एनआए ने जांच के मद्देनजर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई भी जानकारी जारी नहीं की है. हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसी द्वारा अभी केवल दस्तावेज इकट्ठे किए जा रहे हैं.