menu-icon
India Daily

नासिक में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे कुएं में गिरी कार; एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है जहां एक कार कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई है. यह दुर्घटना डिंडोरी इलाके में हुई और देर रात तक बचाव अभियान चलता रहा.

babli
Edited By: Babli Rautela
नासिक में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे कुएं में गिरी कार; एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
Courtesy: AI

नासिक के डिंडोरी तालुका में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पानी से भरे कुएं में जा गिरी, जिससे कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब परिवार एक कार्यक्रम से लौट रहा था.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक दरगोडे परिवार के सदस्य थे. मरने वालों में सुनील दत्तु दरगोडे, राखी दरगोडे, उषा दरगोडे, श्रद्धा दरगोडे और श्रावणी दरगोडे समेत कई बच्चे भी शामिल हैं. वहीं कुछ दूसरे मृतकों की पहचान अभी भी की जा रही है. यह पूरा परिवार डिंडोरी के इंदौर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, परिवार एक निजी कोचिंग क्लास के सामाजिक कार्यक्रम से वापस लौट रहा था. इसी दौरान उनकी Maruti XL6 कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे कुएं में जा गिरी. कुएं में पानी भरा हुआ था, जिससे कार पूरी तरह डूब गई और अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं. National Disaster Response Force की टीम को भी बुलाया गया. दो हाइड्रा क्रेन और तैराकों की मदद से देर रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर कार को कुएं से बाहर निकाला गया. वहां मौजूद लोगों ने भी बचाव कार्य में बेहद मदद की.

भीड़ की वजह से बचाव कार्य में लगी देरी

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे, जिससे बचाव कार्य में दिक्कतें आईं. हालांकि प्रशासन और पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए अभियान जारी रखा और सभी शवों को बाहर निकाला. डिंडोरी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि प्रशासन का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो पाएगा.

इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है. लोगों के बीच गहरा दुख और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है.