अलग-अलग महिलाओं के साथ 121 MMS, बुजुर्ग गिरफ्तार; पहले पुलिस में दर्ज कराई थे एक्सटॉर्शन की शिकायत
नासिक के सातपुर इलाके में एक्सटॉर्शन की शिकायत करने वाला 63 वर्षीय व्यक्ति खुद सेक्स स्कैंडल का आरोपी बन गया है. पुलिस ने उसके पास से 121 अश्लील वीडियो बरामद किए हैं, जिसमें वह अलग-अलग महिलाओं के साथ नजर आ रहा है.
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नासिक में एक चौंकाने वाला सेक्स स्कैंडल सामने आया है. 2 अप्रैल को जिस व्यक्ति ने एक्सटॉर्शन की शिकायत दर्ज कराई थी, वह अब खुद गिरफ्तार हो गया है. पुलिस को उसके पास से 121 अश्लील वीडियो मिले हैं, जिसमें वह कई महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करता दिख रहा है. पीड़ित महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
दरअसल, सातपुर पुलिस में 2 अप्रैल को 63 वर्षीय रवींद्र एरंडे ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उसने आरोप लगाया था कि ये लोग उसके निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांग रहे हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था. लेकिन आगे की जांच में पूरा मामला पलट गया और असली सच सामने आ गया.
121 वीडियो ने पलटी जांच की दिशा
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों से मोबाइल, पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड जब्त किए. जब इन डिजिटल सबूतों की जांच की गई, तो पुलिस के होश उड़ गए. इनमें 121 अश्लील वीडियो क्लिप मिलीं. हैरान करने वाली बात यह थी कि एक्सटॉर्शन केस के शिकायतकर्ता रवींद्र एरंडे खुद हर वीडियो में अलग-अलग महिलाओं के साथ नजर आ रहे थे. यह खुलासा होते ही जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई.
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
इस बीच एक महिला ने सातपुर पुलिस से संपर्क किया और उसने एरंडे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए. महिला ने बताया कि आरोपी ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था. इसके बाद उसने महिला का भरोसा जीता और नाशिक तथा इगतपुरी के अलग-अलग होटलों में ले जाकर बार-बार उसका यौन शोषण किया. अनुसूचित जाति से होने के कारण आरोपी ने उसका फायदा उठाया.
किन धाराओं में हुआ केस दर्ज?
पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर सातपुर पुलिस ने आरोपी रवींद्र एरंडे के खिलाफ गंभीर धाराएं लगाई हैं. बीएनएस की धारा 69 और 77, आईटी एक्ट की धारा 67 (ए) और एट्रोसिटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. डीसीपी किशोर काले ने बताया कि आरोपी ने कई महिलाओं के गुप्त वीडियो बनाए हैं.
पुलिस की अपील और आगे की जांच
नासिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी और महिला के साथ भी इसी तरह का शोषण हुआ है तो वह आगे आए. पुलिस ने शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है. इस पूरे मामले की जांच असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर सचिन बारी के मार्गदर्शन में जारी है. पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है.