menu-icon
India Daily

3 दिन में ही टूट गया दिल्ली के मुंगेशपुर का रिकॉर्ड, अब नागपुर में 56 डिग्री पहुंच गया तापमान!

Nagpur 56 Degree: दिल्ली के मुंगेशपुर में 52.3 डिग्री तापमान दर्ज किए जाने के दो दिन बाद ही अब महाराष्ट्र में 56 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. बता दें कि 50 डिग्री और उससे ज्यादा का तापमान इंसानी शरीर को भीषण नुकसान पहुंचा सकता है.

India Daily Live
3 दिन में ही टूट गया दिल्ली के मुंगेशपुर का रिकॉर्ड, अब नागपुर में 56 डिग्री पहुंच गया तापमान!
Courtesy: Freepik

अभी चंद दिन पहले ही दिल्ली के मुंगेशपुर का अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इस घटना के तीन दिन बाद ही महाराष्ट्र के नागपुर में 56 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं. इस मामले में अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) भी जांच करेगा कि क्या सचमुच तापमान इतना ज्यादा है या फिर तापमान मापने वाली मशीनों में किसी तरह की गड़बड़ी है. हालांकि, सोशल मीडिया पर 56 डिग्री के तापमान को लेकर भी तरह-तरह की बातें हो रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि गर्मी तो बहुत ज्यादा है लेकिन ऐसा नहीं लगता है कि यह 56 डिग्री तक पहुंच गई है.

हीटवेव के चलते देशभर के कई राज्यों में लोगों की मौत हो रही है. अभी तक सैकड़ों लोग गर्मी और उससे संबंधित समस्याओं के चलते जान गंवा चुके हैं. सड़क पर निकलना मुश्किल हो रहा है और जगह-जगह पशु-पक्षी भी बीमार पड़ रहे हैं. दिल्ली, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों के कई जिलों में लोगों को गंभीर जल संकट का भी सामना पड़ रहा है. दिल्ली में जल संकट का मामला तो सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है.

जल संकट से जूझ रहा है महाराष्ट्र

भीषण गर्मी के बीच महाराष्ट्र के कई जिलों में गंभीर संकट सामने खड़ा है. प्रदेश के लगभग 3000 बांधों में पानी लगातार कम होता जा रहा है. इन बांधों की कुल भंडारण क्षमता का सिर्फ 22.06 प्रतिशत पानी ही अब बचा है. वहीं, छत्रपति संभाजी नगर डिवीजन में सबसे कम 8.78 प्रतिशत पानी ही बचा है. एक अधिकारी ने बताया कि कुल जल स्तर में सिर्फ दो दिनों में ही 0.58 प्रतिशत की कमी आई है. अगर ऐसी ही गर्मी रहती है और बारिश नहीं होती है हफ्ते भर में ही पानी की और कमी होने वाली है.

नागपुर में स्थित ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (AWS) में अचानक से 50 से ऊपर तापमान दर्ज किया गया है. इससे पहले, दिल्ली के मुंगेशपुर में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के AWS में 52.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था. अब नागपुर में 24 हेक्टेयर के खुले मैदान में स्थित इस AWS में 56 डिग्री तापमान दर्ज किए जाने से खलबली मच गई है. वहीं, सोनेगांव में स्थित रीजनल मेटेरोलॉजिकल सेंटर (RMC) में भी 54 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. अभी तक दिल्ली के मुंगेशपुर में दर्ज किए गए 52.3 डिग्री को ही भारत का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान माना जाज रहा था.