खुले में पेशाब करने वालों का सरकार ने कर दिया इतंजाम, अब सड़क किनारे लगे ये शीशे उतारेंगे इज्जत!
खुले में पेशाब करने वालों को रोकने के लिए कर्नाटक के मैसूर में एक अनोखा कदम उठाया गया है. यहां कि प्रशासन ने बस स्टैंड के पास शीशे जैसी चमकदार दीवार लगा दी है. प्रशासन का यह अनोखा तरीका सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
मैसूर: कर्नाटक के मैसूर में प्रशासन ने खुले में पेशाब करने वालों से निपटने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है. मैसूर सिटी कॉर्पोरेशन ने शहर के सेंट्रल बस स्टैंड के पास एक ऐसी चमकदार दीवार बनाई है जिसमें सामने खड़ा शख्स खुद को साफ देख सकता है. इसको लेकर प्रशासन का मानना है कि इस तरीके से लोग पब्लिक प्लेस पर पेशाब करने से बचेंगे, जिससे खुले में पेशाब करने वालों पर लगाम लगेगी. अब इस प्रोजेक्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसको लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है और यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.
क्या है ये अनोखी पहल?
दरअसल मैसूर सिटी कॉर्पोरेशन ने ग्रामीण बस स्टैंड के सामने करीब 80 मीटर लंबी दीवार पर स्टेनलेस स्टील की चमकदार शीट्स लगाई हैं. इन शीट्स की खासियत यह हैं कि ये बिल्कुल शीशे जैसी दिखाई देती हैं और सामने खड़े लोगों की परछाई साफ नजर आती है. प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट को खास तौर पर उन जगहों पर शुरू किया है, जहां लोग अक्सर खुले में पेशाब करते थे. इससे वहां फैलने वाली बदबू और गंदगी को कम करने की कोशिश की जा रही है.
सब कुछ दे जाएगा दिखाई, रात का भी इंतजाम
जानकारी के अनुसार इन चमकदार पैनलों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वहां खड़ा शख्स खुद को देखने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी दिखाई दे जाता है. प्रशासन का मानना है कि लोग शर्मिंदगी की वजह से वहां पेशाब करने से बचेंगे. इसके साथ ही दीवार के आसपास LED लाइट्स भी लगाई गई हैं जो शाम होते ही अपने आप जल जाती हैं. इससे रात के समय भी दीवार पूरी तरह चमकती रहती है. इसके कारण लोग रात को भी यहां पेशाब नहीं कर सकेंगे. एलईडी लाइट्स की वजह से लोग इससे अट्रैक्ट भी हो रह हैं.
यहां देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर यूसर्ज ने क्या कहा?
अब इस पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस पर लोगों ने अपनी राय भी देना शुरू कर दिया है. कई लोगों ने प्रशासन के इस कदम की तारीफ भी की है, लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि सिर्फ ऐसी दीवारें लगाने से समस्या खत्म नहीं होगी. उनका मानना है कि लोगों में सिविक सेंस और साफ-सफाई को लेकर जागरूकता बढ़ाना सबसे ज्यादा जरूरी है. वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या ये शीशे लंबे समय तक साफ और सुरक्षित रह पाएंगे.
लोग तरह-तरह के कर रहे कमेंट्स
प्रशासन के इस अनोखे प्रयोग पर सोशल मीडिया यूजर्स मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं. एक यूजर ने तो '3 इडियट्स' फिल्म के सीन का जिक्र करते हुए मजाक भी किया. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि कुछ दिनों बाद शीशे गंदे हो जाएंगे और उनका असर खत्म हो जाएगा. एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि अगर यहां कैमरा और बड़ी स्क्रीन भी लगा दी जाए तो लोग और ज्यादा डरेंगे. फिलहाल प्रशासन का यह अनोखा प्रयोग लोगों का ध्यान खींचने में कामयाब नजर आ रहा है.