Mumbai Rain: बारिश के कहर से बेहाल मुंबई, सड़कें बनी समंदर, ट्रैफिक जाम से परेशान लोग, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश के चलते आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में जलभराव से ट्रैफिक बाधित हुआ और लोकल ट्रेनें भी प्रभावित रहीं. अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 16 से 18 सितंबर के बीच केवल मध्यम बारिश की संभावना है.
Mumbai Weather Update: मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से भारी बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. देर रात से शुरू हुई बारिश बिजली और गरज के साथ सुबह तक जारी रही, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया.
किंग्स सर्कल, लालबाग, वर्ली, दादर, परेल और कुरला जैसे निचले इलाकों में जलभराव की वजह से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. ऑफिस टाइम के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली. पानी से भरे गड्ढों ने हालात को और बिगाड़ दिया. यात्रियों ने दादर, कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशनों पर ट्रैक पर पानी भरने की शिकायत की, जिससे लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चलीं.
Also Read
- Waqf Amendment Act: 'वक्फ करने के लिए 5 साल तक इस्लाम फॉलो करना जरूरी नहीं', वक्फ संशोधन एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा झटका
- Waqf Act: वक्फ संशोधन कानून पर अंतरिम आदेश आज, इन 3 मुद्दों पर SC करेगी फैसला, जानें अब तक क्या-क्या हुआ
- Aaj Ka Mausam 15 September 2025: आज बदल जाएगा मौसम का मिजाज! दिल्ली में धूप-छांव, मुंबई-उत्तराखंड में आफत की बरसात
उपनगरीय सेवाएं सामान्य रूप से संचालित
हालांकि, वेस्टर्न रेलवे और सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ताओं ने दावा किया कि लगातार बारिश के बावजूद उपनगरीय सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. आईएमडी मुंबई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेड अलर्ट सुबह 11:30 बजे तक लागू रहा और मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है. अगले 24 घंटे में शहर और उपनगरों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
जोरदार बारिश दर्ज
इस बीच पुणे में भी सोमवार सुबह जोरदार बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 5:30 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश कोलाबा में 88.2 मिमी दर्ज की गई. बांद्रा में 82 मिमी और भायखला में 73 मिमी बारिश दर्ज हुई. महुल टाटा पावर स्टेशन ने 70.5 मिमी बारिश दर्ज की जबकि जुहू में 45 मिमी, सांताक्रुज में 36.6 मिमी और महालक्ष्मी में 36.5 मिमी वर्षा हुई.
इन जगहों पर रेड अलर्ट जारी
फिलहाल मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि 16 से 18 सितंबर के बीच केवल मध्यम बारिश होगी और फिलहाल आगे कोई अलर्ट नहीं है. भारी बारिश से सड़कें डूबी हुई हैं जिसे शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है.