menu-icon
India Daily

मुंबई में भारी बारिश में फंसी स्कूल बस, फरिश्ता बनकर आए पुलिसकर्मी, Video में देखें कैसे जान की बाजी लगाकर बच्चों की बचाई जान

मुंबई में पिछले 24 घंटों से होती मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी है. इस बीच माटुंगा का एक दिल को छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में डॉन बॉस्को स्कूल की बस में फंसे बच्चों को पुलिस रेस्क्यू करती नजर आ रही है. 

garima
Edited By: Garima Singh
मुंबई में भारी बारिश में फंसी स्कूल बस, फरिश्ता बनकर आए पुलिसकर्मी, Video में देखें कैसे जान की बाजी लगाकर बच्चों की बचाई जान
Courtesy: x

Mumbai waterlogging: मुंबई अपनी तेज़ रफ्तार और बीजी लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती है, लेकिन इन दिनों भारी बारिश के कारण मुश्किलों हालातों से जूझ रही है. भारी बारिश और जलभराव के बीच माटुंगा का एक दिल को छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में डॉन बॉस्को स्कूल की बस में फंसे बच्चों को पुलिस रेस्क्यू करती नजर आ रही है. माटुंगा के किंग्स सर्कल के पास भारी जलभराव की वजह से 'डॉन बॉस्को स्कूल' की एक बस खराब हो गई, जिसमें सात छात्र और दो महिला कर्मचारी फंस गए. जैसे ही स्कूल स्टाफ ने मदद के लिए फोन किया, पास के पुलिस स्टेशन से पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए.

वायरल वीडियो में पीले रेनकोट पहने पुलिसकर्मी कमर तक भरे पानी में बच्चों को कंधों पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक ले जाते दिख रहे हैं. एक बच्चे ने बताया, 'बच्चों को पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनके माता-पिता के आने तक उनकी देखभाल की गई.“पुलिस ने हमें बिस्कुट दिए और बहुत अच्छे से ख्याल रखा. हम डरे हुए थे, लेकिन पुलिस अंकल ने हमें हिम्मत दी,”. इस घटना ने पुलिस के मानवीय चेहरे को सामने लाया, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है.

मुंबई में बारिश का प्रकोप

पिछले 24 घंटों में मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया. मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, शहर में 54 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 72 मिमी और 65 मिमी बारिश हुई. जलभराव के चलते कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. बीएमसी ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है और नागरिकों से घर पर रहने की अपील की है. आपात स्थिति के लिए बीएमसी हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है.

हवाई और रेल यातायात पर असर

भारी बारिश का असर मुंबई के हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई से आने वाली उड़ानें औसतन 54 मिनट की देरी से चल रही हैं. कई पायलटों को लैंडिंग रद्द कर दोबारा प्रयास करना पड़ा, और कम से कम एक उड़ान का मार्ग बदल दिया गया. इसके अलावा, मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है.