मुंबई गणपति के जुलूस के दौरान गिरी 22 फीट की विशाल मूर्ति, 2 की मौत 5 घायल; देखें दर्दनाक वीडियो
मुंबई के भूलेश्वर इलाके में गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान 22 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा हो गया. घटना में दो लोगों की मौत हुई, जबकि पांच लोग घायल हो गए.
भूलेश्वर: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भूलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. यहां 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में पांच और सात साल की दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं.
यह हादसा भूलेश्वर के जय अम्बे चौक के पास कबूतरखाना इलाके में हुआ. यहां 'भूलेश्वर चा राजा' मित्र मंडल की गणेश प्रतिमा को आगमन जुलूस के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान प्रतिमा के ढांचे का एक हिस्सा अचानक गिर गया और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए.
Also Read
नट बोल्ट ढीले होने की आशंका
शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रतिमा के ढांचे में लगे कुछ नट और बोल्ट ढीले होने की वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि हादसे के सही कारणों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी. घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में शोक का माहौल बन गया.
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संकेत नेवशे, 33 वर्ष और बृजेश हेमंत जोशी, 30 वर्ष के रूप में हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, एक व्यक्ति को शुरुआत में जीटी अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था. बाद में हादसे में दूसरी मौत की भी पुष्टि हुई.
पांच लोग घायल, दो बच्चियां भी शामिल
हादसे में घायल पांच लोगों में दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं. घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घायलों में जीटी अस्पताल में भर्ती वैभव घेनांद, 38 वर्ष और पवन चौरसिया, 25 वर्ष शामिल हैं. वहीं जेजे अस्पताल में लावण्या गनेर, 5 वर्ष, दिव्या गनेर, 7 वर्ष और कुणाल काशिद, 26 वर्ष का इलाज चल रहा है.
राहत और बचाव के लिए पहुंची कई टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही सीपी कंट्रोल की ओर से संबंधित एजेंसियों को सूचना दी गई. इसके बाद बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव का काम किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के लिए एकत्र हुए थे. यह जुलूस इलाके में आयोजित 'भूलेश्वर चा राजा' गणपति उत्सव से जुड़ा था. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और घटना को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की जांच की जा रही है.