बेटे की शादी में जमकर पैसे उड़ा रहे मुकेश अंबानी ने नहीं चुकाए हैं 4381 करोड़ रुपये, जानिए किसको देने हैं

Mukesh Ambani Debts List: भारत के सबसे अमीर मुकेश अंबानी ने अपने छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं, लेकिन वे 4381 करोड़ का बकाया नहीं चुका रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी पर MMRDA का 4381 करोड़ रुपये बकाया है. एक रिपोर्ट में इसका दावा किया गया है. आइए, जानते हैं पूरा मामला.

Social Media
India Daily Live

Mukesh Ambani Debts List: दुनिया के 11वें और भारत के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी अपने छोटे बेटे की शाही शादी को लेकर चर्चा में हैं. शादी में हजारों करोड़ों रुपये खर्च करने को लेकर वे इंटरनेशनल मीडिया में भी सुर्खियों में बने हुए हैं. इस बीच उनसे जुड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बेटे की शादी में हजारों-करोड़ खर्च करने वाले मुकेश अंबानी पर 4381 करोड़ रुपये बकाया है, जो मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी MMRDA को देना है. 

रिपोर्ट के मुताबिक, चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि जियो कन्वेंशन सेंटर, जहां शाही शादी समारोह आयोजित किया गया था, उसी जगह के लिए मुकेश अंबानी पर 'MMRDA' का 4381 करोड़ रुपये बकाया है. ये जानकारी आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली को सूचना का अधिकार से मिली है. RTI के जरिए मिली जानकारी के मुताबिक, MMRDA को अंबानी के अलावा अन्य चार बड़ी कंपनियों से बकाया वसूलना है. प्राधिकरण ने खुलासा किया कि उनका कुल बकाया 5818 करोड़ रुपये का है.

आरटीआई एक्टिविस्ट ने क्या कहा?

RTI एक्टिविस्ट अनिल गलगली ने कहा कि सूचना के अधिकार के जरिए चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. उन्होंने बताया कि 5 बड़ी कंपनियों पर एमएमआरडीए का करोड़ों रुपये का बकाया है. इसमें अंबानी फाउंडेशन, रिलायंस मेसर्स, आईएएनएस, नमन होटल और रघुलीला बिल्डर्स शामिल हैं, जिन्हें एमएमआरडीए को बकाया भुगतान करना है. 

अनिल गलगली ने कहा कि अगर एमएमआरडीए की जमीन लीज पर ली गई थी, तो उन्होंने वह जमीन क्यों ली? साथ ही, अगर चार साल के भीतर निर्माण पूरा नहीं किया गया तो कंपनियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जानी थी. कंपनियों पर जुर्माना बकाया है, लेकिन एमएमआरडीए की ओर से इन कंपनियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

आरटीआई एक्टिविस्ट ने कहा कि इन पांचों कंपनियों का कुल बकाया 5818 करोड़ है. 2017 को एमएमआरडीए की ओर से उन्हें बकाया के लिए नोटिस जारी किया गया था. तब से यह मामला अदालत में विचाराधीन है. उन्होंने कहा कि वे इस बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे.

MMRDA पर किसका कितना बकाया?

नमन होटल लिमिटेड पर 48.92 करोड़
आईएनएस पर 181.35 करोड़
अंबानी फाउंडेशन पर 8.15 करोड़
मेसर्स रिलायंस पर 4381.32 करोड़
मेसर्स रघुलीला बिल्डर्स पर 1123.50 करोड़