मॉनसून की बढ़ी रफ्तार, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी; जानें वेदर अपटेड

देश में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और पूर्वोत्तर सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं विदर्भ, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी बनी हुई है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: मॉनसून ने देश के कई हिस्सों में रफ्तार पकड़ ली है, जबकि दूसरी ओर कई राज्य भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं. मौसम के इस दोहरे स्वरूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद और रांची से होकर गुजर रही है. अगले चार से पांच दिनों में तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है. इससे इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं.


आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वोत्तर भारत में 24 जून तक व्यापक वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.

कहां कितनी हुई बारिश?

पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात, तमिलनाडु और केरल के कई हिस्सों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में तेज आंधी-तूफान देखने को मिला. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि की घटनाएं भी सामने आई हैं.

दूसरी ओर मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है. विदर्भ और तेलंगाना में 20 जून तक भीषण हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 24 जून और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जून से लू चलने की चेतावनी जारी की है.

कितना दर्ज हुआ तापमान?

देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है. उत्तर प्रदेश का प्रयागराज 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा. विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, दोपहर में धूप से बचने और ओआरएस, छाछ, लस्सी तथा नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी है.

दिल्ली-एनसीआर में 18 से 21 जून के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और झोंकों के दौरान यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है.