US Israel Iran War

देश में मानसून की एंट्री! 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का हाल

आज यानी 3 जून 2026 को देश के पश्चिमी-दक्षिणी राज्यों में मानसून की एंट्री हो सकती है. मौसम विभाग की ओर से 15 से भी ज्यादा राज्यों में बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं.

ANI
Shanu Sharma

देश के दक्षिण-पश्चिम राज्यों में मानसून की एंट्री होने वाली है. मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक केरल में मानसून इंटर करने वाला है. जिसकी वजह से कई राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक वाली बारिश और ओलावृष्टि का भी खतरा है. 

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एक हफ्ते तक केरल में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान चलने वाली तेज हवाएं आपकी परेशानी को बढ़ा सकती हैं. घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. खास तौर पर दक्षिण के राज्यों केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, में तेज बारिश की संभावना है. राजधानी दिल्ली में मौसम सुहावना रहने वाला है.

आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. शाम तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वाराणसी, मेरठ, चित्रकूट समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई  गई है. बिहार में भी आज से लेकर अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि कुछ जिलों में अभी भी लू चलने की संभावना है.

पहाड़ी इलाकों में मौसम का हाल

पश्चिमी राजस्थान में आज और कल तेज हवाएं चलेंगी. कुछ हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का भी अलर्ट है. पूर्वी भाग में 5 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर रहेगा. पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है. उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ और टिहरी में 3 से 6 जून तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं.

वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और ऊना में बिजली गिरने का खतरा है. इन इलाकों में बारिश के कारण लोगों की मुसीबत बढ़ सकती है. पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा आदि क्षेत्रों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है. मौसम विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.