मिडिल ईस्ट में नहीं थम रहा जंग! भारत में 280 से ज्यादा डोमेस्टिक फ्लाइट कैंसिल, इंटरनेशनल उड़ानों का बुरा हाल; MoCA ने दिया निर्देश
मिडिल ईस्ट में चल रहे जंग का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. भारत के विमानन क्षेत्र भी इसके कारण तनाव में है. इसी बीच 5 मार्च को घरेलू एयरलाइंस ने कुल 281 उड़ानें रद्द कर दीं. जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है.
ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है. जिसका असर उड़नों पर देखने को मिल रहा है. इस संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया के कई देशों में एयरस्पेस चौथे दिन भी बंद रहा. जिसके कारण भारतीय एयरलाइंस को कई रूट पर उड़ानें रोकनी पड़ीं.
युद्ध की वजह से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों सेवाएं प्रभावित हुईं. मिल रही जानकारी के मुताबिक भारत में 5 मार्च 2026 को घरेलू एयरलाइंस ने कुल 281 उड़ानें रद्द कर दीं. जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय यानी MoCA इस खराब हालात पर अपनी नजर बनाए हुए है.
MoCA ने क्या कहा?
MoCA ने स्थिति को देखते हुए 24 घंटे पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम यानी PACR शुरू किया. एयरलाइंस के साथ मिलकर एयरसेवा, सोशल मीडिया और हेल्पलाइन के जरिए 1,461 शिकायतों का निपटारा किया गया. फंसे यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-24604283 और 011-24632987 जारी हैं. मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
किराए में बढ़ोतरी रोकने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है. मंत्रालय एयरलाइंस, एयरपोर्ट, रेगुलेटर और विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहा है. सुरक्षा और सेवाएं बहाल करना प्राथमिकता है. हालांकि जंग के माहौल के बीच सऊदी अरब और ओमान ने अपने एयरस्पेस को सुरक्षित घोषित किया है. जिसके बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा और मस्कट की उड़ानें फिर से शुरू कर दी.
एयरलाइंस की बढ़ी मुसीबत
यात्रियों की जरुरत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार से दुबई, मस्कट और रास अल खैमाह के लिए अतिरिक्त उड़ानें प्लान की जा रही हैं. कई एयरलाइंस ने ऑपरेशन सीमित कर लिया. इंडिगो ने शुक्रवार को मिडिल ईस्ट की आठ जगहों के लिए 17 उड़ानें शेड्यूल की है. स्पाइसजेट ने गुरुवार को 13 स्पेशल उड़ानें चलाईं, इसमें अकासा एयर की मुंबई-जेद्दा राउंडट्रिप भी शामिल थी. हालांकि अबू धाबी, दोहा, रियाद और कुवैत की उड़ानों को 7 मार्च तक के लिए रोका गया है.
वहीं एयर इंडिया ग्रुप की वेस्ट एशिया सेवाएं 10 मार्च तक बंद रहेंगी.भारतीय एयरलाइंस पर मिडिल ईस्ट में ज्यादा निर्भरता के कारण बड़ा असर पड़ा है. यह क्षेत्र यूरोप, एशिया और अन्य देशों को जोड़ता है. इसके अलावा तेल कीमतें बढ़ने और उड़ान रद्द होने से नुकसान बढ़ रहा है. एयरलाइंस को राजस्व घाटा भी झेलना पड़ रहा है, यह स्थिति भारत के लिए मुश्किल हो रही है. हालांकि सरकार स्थिति परनजर रख रही है और राहत देने की भी कोशिश की जा रही है.