menu-icon
India Daily

मेसी के 33 हजार फैंस को वापस मिलेगा टिकट का पैसा, CM सुवेंदु ने किया रिफंड का ऐलान

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि 2025 के लियोनेल मेसी कार्यक्रम में टिकट खरीदने वाले 33 हजार दर्शकों का पैसा लौटाया जाएगा. खर्च राज्य के खेल बजट से होगा.

KanhaiyaaZee
मेसी के 33 हजार फैंस को वापस मिलेगा टिकट का पैसा, CM सुवेंदु ने किया रिफंड का ऐलान
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में लियोनेल मेसी के बहुचर्चित कार्यक्रम से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है. राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि 13 दिसंबर 2025 को युवा भारती स्टेडियम में आयोजित मेसी कार्यक्रम के टिकट खरीदने वाले करीब 33 हजार दर्शकों को पैसा वापस किया जाएगा. कार्यक्रम में अव्यवस्था के बाद 4 हजार और 6 हजार रुपये के टिकट खरीदने वालों ने रिफंड की मांग की थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया गया है.

लियोनेल मेसी 13 दिसंबर 2025 को युवा भारती स्टेडियम पहुंचे थे. लेकिन उनके कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था के कारण विवाद खड़ा हो गया था. स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने टिकट के पैसे वापस करने की मांग की थी. 4 हजार और 6 हजार रुपये के टिकट खरीदने वाले लोगों की यह मांग अब तक पूरी नहीं हुई थी. कार्यक्रम में तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार के खेल मंत्री अरूप विश्वास की कथित अत्यधिक मौजूदगी और आयोजकीय व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे.

33 हजार लोगों को मिलेगा रिफंड

राष्ट्रीय खेल दिवस के एक विशेष कार्यक्रम में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मेसी के प्रशंसकों ने 4 हजार और 6 हजार रुपये के टिकट खरीदे थे. उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि करीब 33 हजार खेलप्रेमियों का भुगतान वापस किया जाए. मुख्यमंत्री के मुताबिक इस संबंध में आंतरिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और वह इसे पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, रिफंड की प्रक्रिया और भुगतान की अंतिम तारीख को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई.

खेल व्यवस्था पर सरकार ने उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने राज्य की पिछली सरकार पर खेल क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों, एशियाई खेलों और ओलंपिक में पश्चिम बंगाल की मौजूदगी हाल के वर्षों में बेहद कम रही है. उनके मुताबिक राज्य में प्रतिभा, मेहनत और क्षमता की कमी नहीं है, लेकिन बेहतर व्यवस्था और राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है. उन्होंने खेल संस्थाओं को राजनीति से अलग रखने और व्यवस्था में बदलाव लाने की बात कही.

400 करोड़ रुपये का खेल बजट

सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि उनकी सरकार ने खेल क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा है. यह पूरे साल के लिए नहीं, बल्कि आठ महीने की अवधि के लिए है. सरकार राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों में मिनी इंडोर स्टेडियम बनाने की योजना पर काम करेगी. इनमें टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट के साथ जिम की सुविधा होगी. इस साल 100 स्टेडियम बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

खिलाड़ियों की नियुक्ति का भी जिक्र

राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में पूर्व हॉकी खिलाड़ी गुरबक्श सिंह, खेल मंत्री इंद्रनील खान और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे समेत कई लोग मौजूद रहे. इस दौरान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और नियुक्ति पत्र भी दिए गए. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कुछ खिलाड़ियों से जुड़ी नियुक्तियों की फाइलें करीब 11 वर्षों तक उनके कार्यालय में लंबित पड़ी रहीं. उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में नई व्यवस्था और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी सरकार की प्राथमिकता है.