वहां पीएम मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की 'मेलोडी', यहां भारत में खत्म हो गया स्टॉक, खरीदार परेशान
रोम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट दिया था. इसके बाद भारत में इस टॉफी के खरीदारों की बाढ़ सी आ गई.
इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारत में इस टॉफी के खरीदारों की बाढ़ सी आ गई है. आलम ये है कि Blinkit, Zepto और Instamart पर मेलोडी टॉफी कई शहरों में अचानक आउट ऑफ स्टॉक दिखाई देने लगी.
सोशल मीडिया की दुनिया में कभी-कभी छोटी सी घटना भी बड़ा ट्रेंड बन जाती है. इस बार चर्चा में है भारत की पुरानी और लोकप्रिय मेलोडी टॉफी. रोम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया. मेलोनी ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और देखते ही देखते यह क्लिप वायरल हो गई. इसके बाद देशभर में लोगों ने अचानक मेलोडी खरीदनी शुरू कर दी, जिससे कई क्विक कॉमर्स ऐप्स पर यह टॉफी गायब हो गई.
रोम से शुरू हुआ ट्रेंड
रोम में हुई मुलाकात के दौरान जब प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी को मेलोडी टॉफी दी तो माहौल हल्का और दोस्ताना नजर आया. मेलोनी ने वीडियो पोस्ट करते हुए 'Thank you for the gift' लिखा. सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत इस वीडियो को 'Melodi' नाम से जोड़ दिया जो पहले भी मोदी और मेलोनी की दोस्ताना तस्वीरों के साथ ट्रेंड करता रहा है. कुछ ही घंटों में यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया. लोगों ने मजाकिया मीम्स और पोस्ट शेयर करने शुरू कर दिए. इस बीच सबसे दिलचस्प बात यह रही कि अचानक मेलोडी टॉफी को लेकर लोगों की दिलचस्पी फिर से बढ़ गई.
सोशल मीडिया की नई ताकत
यह पूरा मामला दिखाता है कि आज सोशल मीडिया किसी भी चीज को मिनटों में ट्रेंड बना सकता है. पहले जो टॉफी सिर्फ किराने की दुकानों तक सीमित थी वह अब अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक मुलाकात के कारण चर्चा में आ गई.