इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारत में इस टॉफी के खरीदारों की बाढ़ सी आ गई है. आलम ये है कि Blinkit, Zepto और Instamart पर मेलोडी टॉफी कई शहरों में अचानक आउट ऑफ स्टॉक दिखाई देने लगी.
सोशल मीडिया की दुनिया में कभी-कभी छोटी सी घटना भी बड़ा ट्रेंड बन जाती है. इस बार चर्चा में है भारत की पुरानी और लोकप्रिय मेलोडी टॉफी. रोम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया. मेलोनी ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और देखते ही देखते यह क्लिप वायरल हो गई. इसके बाद देशभर में लोगों ने अचानक मेलोडी खरीदनी शुरू कर दी, जिससे कई क्विक कॉमर्स ऐप्स पर यह टॉफी गायब हो गई.
रोम में हुई मुलाकात के दौरान जब प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी को मेलोडी टॉफी दी तो माहौल हल्का और दोस्ताना नजर आया. मेलोनी ने वीडियो पोस्ट करते हुए 'Thank you for the gift' लिखा. सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत इस वीडियो को 'Melodi' नाम से जोड़ दिया जो पहले भी मोदी और मेलोनी की दोस्ताना तस्वीरों के साथ ट्रेंड करता रहा है. कुछ ही घंटों में यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया. लोगों ने मजाकिया मीम्स और पोस्ट शेयर करने शुरू कर दिए. इस बीच सबसे दिलचस्प बात यह रही कि अचानक मेलोडी टॉफी को लेकर लोगों की दिलचस्पी फिर से बढ़ गई.
वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद ही Blinkit, Zepto और Instamart जैसे ऐप्स पर मेलोडी का स्टॉक खत्म हो गया. दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में लोगों को यह टॉफी ऑनलाइन नहीं मिल रही थी. ब्लिंकिट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बताया कि ऐप पर मेलोडी की सर्च अचानक बहुत तेजी से बढ़ गई है. लोगों ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट शेयर कर यह दिखाया कि वे टॉफी खरीदना चाहते थे लेकिन स्टॉक खत्म हो चुका था. इससे यह साफ दिखा कि एक वायरल वीडियो कैसे अचानक किसी पुराने प्रोडक्ट की मांग बढ़ा सकता है.
Melody is sold out on Big Basket, Swiggy and Jio Mart at my current location.
— Manas Muduli (@manas_muduli) May 20, 2026
Brisk business for Parle :) pic.twitter.com/WIpjgZaF9C
बता दें कि मेलोडी कोई नई कैंडी नहीं है. यह सालों से भारतीय बच्चों और परिवारों के बीच लोकप्रिय रही है. 'मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है' वाला विज्ञापन आज भी लोगों की यादों में मौजूद है लेकिन लंबे समय बाद यह टॉफी फिर से चर्चा में आ गई. खास बात यह रही कि इसके लिए किसी बड़े विज्ञापन अभियान की जरूरत नहीं पड़ी. सिर्फ एक छोटे से डिप्लोमैटिक पल ने इसे दोबारा सोशल मीडिया का स्टार बना दिया. कई यूजर्स ने लिखा कि उन्होंने वर्षों बाद मेलोडी खरीदने की कोशिश की. कुछ लोगों ने इसे बचपन की यादों से भी जोड़कर देखा.
Thank you for the gift pic.twitter.com/7ePxbJwPbA
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 20, 2026
यह पूरा मामला दिखाता है कि आज सोशल मीडिया किसी भी चीज को मिनटों में ट्रेंड बना सकता है. पहले जो टॉफी सिर्फ किराने की दुकानों तक सीमित थी वह अब अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक मुलाकात के कारण चर्चा में आ गई.