menu-icon
India Daily

लद्दाख के जोजिला दर्रे पर भारी हिमस्खलन में 5 की मौत, कई बर्फ के नीचे दबे, श्रीनगर-लेह हाईवे हुआ बंद

प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
लद्दाख के जोजिला दर्रे पर भारी हिमस्खलन में 5 की मौत, कई बर्फ के नीचे दबे, श्रीनगर-लेह हाईवे हुआ बंद
Courtesy: @KNSKashmir

लद्दाख के जोजिला दर्रे में शुक्रवार दोपहर अचानक आए भीषण हिमस्खलन ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया. जोजिला पर हुए इस हादसे में कई वाहन बर्फ के नीचे दब गए और कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. हिमस्खलन के चलते श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है. प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं.

यह हिमस्खलन दोपहर के समय उस वक्त आया जब कई वाहन श्रीनगर-लेह हाईवे से गुजर रहे थे. द्रास क्षेत्र के कैप्टन मोड़ के पास अचानक भारी बर्फ खिसकी और करीब 15 वाहन इसकी चपेट में आ गए. कई वाहन पूरी तरह बर्फ में दब गए, जबकि कुछ आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए. घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मदद के लिए पुकारते नजर आए.

अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि

प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं. स्थानीय अधिकारी विशाल अत्री ने बताया कि कुछ वाहन पूरी तरह बर्फ में दबे होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है.

राहत व बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस, सेना, Border Roads Organisation और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात हैं. भारी मशीनों की मदद से बर्फ हटाने का काम जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर एक बजे शुरू हुआ अभियान कई घंटों तक लगातार चला और देर शाम तक जारी रहने की संभावना है.

हाईवे बंद, यातायात प्रभावित

इस हादसे के बाद श्रीनगर-लेह हाईवे पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें. मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी दी है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण बने रह सकते हैं.

सम्बंधित खबर