US Israel Iran War

VIDEO: राजकोट के हेवन रिसॉर्ट के पूल में दिखा मौत का खौफनाक मंजर, डूबता रहा युवक कोई नहीं आया बचाने

राजकोट के हेवन रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में 33 वर्षीय अजय राठौड़ा का डूबते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है.

X
Ashutosh Rai

रविवार को परिवार के साथ सुकून भरा दिन बिताने गए एक युवक की जिंदगी महज कुछ पलों में खत्म हो गई. गुजरात के राजकोट जिले के कागवड स्थित हेवन रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में 33 साल के अजय राठौड़ा डूब गए. यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब अजय पानी में डूब रहा था, तो आसपास खड़े लोगों ने उसकी मदद के लिए एक कदम भी नहीं बढ़ाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

वीडियो में देखा जा सकता है कि अजय पहले से ही पूल में थे और पूरी तरह भीगे हुए थे. उनके आसपास कई लोग खड़े थे. अचानक अजय पूल के किनारे बैठे और फिर उठकर कहीं जाने लगे. कुछ ही सेकंड बाद वह अचानक रुके, फिर बेहोश होते हुए पानी में गिर पड़े. वह तड़पते रहे, हाथ-पैर मारते रहे, लेकिन कोई उनकी मदद को नहीं आया. माना जा रहा है कि पूल में रहते हुए उन्हें कोई मेडिकल इमरजेंसी आई होगी. अजय धीरे-धीरे पानी में डूबते चले गए और कुछ ही मिनटों में सब कुछ खत्म हो गया.

आसपास खड़े लोग बने बेजुबान दर्शक

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि पूल के आसपास खड़े लोगों ने मदद के लिए कोई हरकत नहीं की. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अजय जब डूब रहे थे, तब कई लोग वहां मौजूद थे, लेकिन वे सभी बस देखते रहे. किसी ने चीख-पुकार तक नहीं की. न ही किसी ने पानी में उतरकर उन्हें बचाने की कोशिश की. यह लापरवाही किसी भी इंसानियत के खिलाफ है. परिवार वाले भी अजय को पानी में तड़पता देख सकते रहे, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई. इस घटना के बाद रिसॉर्ट प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या वहां कोई लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही राजकोट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि अजय राठौड़ा अपने परिवार के साथ रिसॉर्ट में घूमने आया था. प्राथमिक जांच में लगता है कि उन्हें पूल में अचानक चक्कर आया या कोई मेडिकल इमरजेंसी हुई, जिससे वह डूब गए. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सबकुछ पता चलेगा. वही पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं.