बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी ने जारी किया घोषणापत्र, महिलाओं व बेरोजगार युवाओं के लिए मासिक भत्ते का ऐलान
पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए मासिक भत्ते का बड़ा ऐलान किया. घोषणापत्र में कृषि, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई वादे भी शामिल किए गए हैं.
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल तेज होते ही तृणमूल कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बार महिलाओं और बेरोजगार युवाओं पर खास फोकस करते हुए कई अहम वादे किए हैं. उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और भाजपा के खिलाफ वोट करने की अपील भी की. ममता ने आरोप लगाया कि राज्य में डर और लालच का माहौल बनाने की कोशिश हो रही है, लेकिन जनता को इससे सावधान रहना चाहिए.
महिलाओं और युवाओं पर खास जोर
घोषणापत्र में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना को और मजबूत करने का वादा किया गया है. इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये और SC/ST वर्ग की महिलाओं को 1,700 रुपये दिए जाएंगे. इसके साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिए भी हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है. ममता बनर्जी ने इसे लोगों के आत्मसम्मान और आर्थिक सुरक्षा से जोड़ा है.
कृषि और रोजगार के बड़े वादे
टीएमसी ने किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए 30,000 करोड़ रुपये का कृषि बजट बनाने का वादा किया है. भूमिहीन किसानों को सहारा देने और खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है. इसके अलावा, राज्य को उद्योग और एमएसएमई का हब बनाने की बात कही गई है, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग काम कर रहे हैं.
हर घर तक सुविधा पहुंचाने का प्लान
घोषणापत्र में हर परिवार को पक्का घर और पाइप से पीने का पानी देने का वादा शामिल है. स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविर हर ब्लॉक और शहर में लगाए जाएंगे. वहीं, ‘बांग्लार शिक्षायतन’ योजना के तहत सरकारी स्कूलों के ढांचे को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है, ताकि शिक्षा का स्तर सुधर सके.
भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी ममता
टीएमसी ने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है, जिसमें ममता बनर्जी भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी. बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे और नतीजे 4 मई को आएंगे. ममता ने अपने संदेश में सभी धर्मों को समान बताते हुए एकता की अपील की. उन्होंने साफ कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि राज्य की दिशा तय करने का चुनाव है.