US Israel Iran War

Maharashtra Scam: 'एक-एक पैसा वसूलेंगे...', अजित पवार का बड़ा ऐलान, आखिर किसने किया महाराष्ट्र की बहनों के पैसों पर हाथ साफ?

महाराष्ट्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई लाडकी बहिन योजना में 14,298 मर्दों ने अवैध रूप से 21 करोड़ रुपये हासिल किए. सरकार ने वसूली और जांच का आदेश दिया है. विपक्ष ने सीबीआई-ईडी जांच की मांग की है.

Social Media
Km Jaya

Maharashtra Scam: महाराष्ट्र की बहुप्रचारित "लाडकी बहिन योजना" में बड़ा घोटाला सामने आया है. यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक मदद के लिए शुरू की गई थी, लेकिन अब पता चला है कि 14,298 पुरुषों ने इस योजना के तहत 21 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि अवैध रूप से प्राप्त कर ली. यह योजना अगस्त 2024 में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई थी और इसे बीजेपी व महायुति की चुनावी जीत में एक निर्णायक फैक्टर माना गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने ₹1,500 जमा कराने का वादा किया था लेकिन अब यह सामने आया है कि तकनीकी खामियों या जानबूझकर की गई धांधलियों के चलते हजारों मर्दों ने इसका फायदा उठा लिया.

अजित पवार की सख्त प्रतिक्रिया

उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इस खुलासे पर सख्त प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “यह योजना गरीब महिलाओं के लिए थी, न कि पुरुषों के लिए. अब इन सभी से एक-एक पैसा वसूला जाएगा. अगर वे पुलिस जांच में सहयोग नहीं करते तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”


दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

सरकार के अन्य मंत्री भी इस मामले में गंभीर नजर आ रहे हैं. खेल मंत्री दत्तात्रेय भारणे और मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जांच की जा रही है.

 ठेकेदारों के खिलाफ जांच की मांग

वहीं एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने मामले को और भी गंभीर बताते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई को उन ठेकेदारों के खिलाफ जांच करनी चाहिए जिन्हें महिलाओं से योजना के फॉर्म भरवाने का काम सौंपा गया था. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बिना जांच और सत्यापन के लाखों फॉर्म भरवाए गए, जिससे यह घोटाला हुआ.

योजना का पैसा वापस

इससे पहले भी सरकार ने मार्च में कहा था कि कुछ अपात्र महिलाओं से भी योजना का पैसा वापस लिया जाएगा लेकिन अब जब पुरुषों द्वारा सीधे लाभ उठाने का मामला सामने आया है, तो सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है.

महाराष्ट्र की जीत में बड़ी भूमिका

यह घोटाला उस योजना में सामने आया है, जिसने बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को महाराष्ट्र की 288 में से 230 सीटें जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. अब यह देखना होगा कि सरकार दोषियों पर कितनी कार्रवाई करती है और क्या महिलाओं को उनका हक दोबारा दिलाया जाएगा.