'महाराष्ट्र की सत्ता में डकैत...,' MVA की रैली से पहले शिंदे सरकार पर ये क्या बोल गए संजय राउत?
महाराष्ट्र की सियासत में विधासनभा चुनावों से पहले महा विकास अघाड़ी और महायुति के बीच जुबानी तल्खी बढ़ती जा रही है. संजय राउत ने कहा है कि MVA में सीट शेयरिंग को लेकर कोई विवाद नहीं है, तीनों पार्टियां मिलकर एक रैली करने वाले हैं, जिसके बाद महाराष्ट्र की दिशा और दशा तय हो जाएगी. इस रैली में शरद पवार, नाना पटोले और उद्धव ठाकरे भी हिस्सा लेंगे.
महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र के सत्ता पक्ष में डकैत बैठे हैं, जिन्हें हटना महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) का लक्ष्य है. संजय राउत ने साफ किया है कि शिवसेना (उद्धव गुट), नेशलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने किसी भी तरह की सीट शेयरिंग को लेकर अनबन होने की बात से भी इनकार किया है. अगर संजय राउत की मानें तो तीनों पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे.
संजय राउत ने ANI के साथ इंटरव्यू में कहा, 'महाविकास अघाड़ी की एक महारैली होने जा रही है. यूपी के बाद महाराष्ट्र ऐसा राज्य है, जहां नरेंद्र मोदी, अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस का पराभव हुआ है. हमने यहां 31 सीटें जीतीं. यूपी के बाद सबसे बड़ा आकंड़ा यही है. हम चहाते हैं विधानसभा चुनाव में हम तीनों पार्टियां साथ मिलकर चुनाव लड़ें. कांग्रेस, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) और शिवसेना (उद्धव ठाकरे) हमारे बीच किसी बात को लेकर मतभेद नहीं है. न मेनिफेस्टो में है, न सीट शेयरिंग में है, न पद्धति में है.'
'सत्ता पक्ष में बैठे डकैत, उन्हें हटाना है'
संजय राउत ने कहा, 'उद्धव ठाकरे ने कहा है कि हम साथ मिलकर काम करेंगे. राज्य के सत्ता पक्ष में डकैत बैठे हैं, लूट रहे हैं, उनको हटाना है. तीन पार्टियों की रैली हो रही है, जिसमें उद्धव ठाकरे संबोधित कर रहे हैं. सबसे पहले उद्धव ठाकरें संबोधित करेंगे, फिर शरद जी और फिर नाना पटोले. आप तो ठेकेदारों से हफ्ता लेते हो, जनता के पास पैसे नहीं हैं, उनसे वोट खरीदते हैं. विधायकों को खरीदने के पैसे कहां से आते हैं. उनकी बात मत सुनिए दो महीने की बातचीत है उनकी.'
अभी कैसे हैं महाराष्ट्र में सीटों के आंकड़े?
महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 144 है. बीजेपी के पास 103 सीटें हैं, शिवसेना (शिंदे) के पास 37, एनसीपी (अजित) 39 सीटे हैं. अन्य के पास 22 सीटें हैं, जिन्हें मिलाकर महायुति के पास बहुमत का आंकड़ा 201 है. वहीं एमवीए में कांग्रेस के पास 37, शिवसेना (यूबीटी) के पास 15 और एनसीपी (शरद) के पास 13. अन्य 2 पर हैं. कुल आंकड़ा 67 का है.
कैसी होगी इस बार महाराष्ट्र की सियासी जंग?
महाराष्ट्र में इस बार दो गठबंधन हैं. एक महाविकास अघाड़ी और दूसरा महायुति. महायुति सरकार में है. इस गठबंधन में अभी तीन प्रमुख दल हैं. भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना (शिंदे गुट) और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट). इसके साथ रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) भी सहयोगी पार्टी है. दूसरी तरफ महा विकास अघाड़ी सरकार है. इस गठबंधन में 3 दल हैं. शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद गुट) और कांग्रेस. तीनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ रही हैं. महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी की सीटें लोकसभा चुनावों में घटी हैं ऐसे में इस बार महा विकास अघाड़ी गठबंधन, बहुत उत्साहित है और सत्ता में आने की राह देख रहा है.