menu-icon
India Daily

'तुम खूबसूरत हो, तुम्हारी बेटी भी खूबसूरत होगी', पुलिसकर्मी ने आरोपी महिला से कर डाली घिनौनी मांग, गिरी गाज

महाराष्ट्र के अकोला में एक पुलिस अधिकारी पर हिरासत में महिला से आपत्तिजनक मांग करने का आरोप लगा है. शिकायत के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'तुम खूबसूरत हो, तुम्हारी बेटी भी खूबसूरत होगी', पुलिसकर्मी ने आरोपी महिला से कर डाली घिनौनी मांग, गिरी गाज
Courtesy: X

महाराष्ट्र के अकोला से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. एक सहायक उप-निरीक्षक पर हिरासत में महिला से अनुचित मांग करने का आरोप लगा है. आरोपी अधिकारी राजेश जाधव को शिकायत के बाद तुरंत निलंबित कर दिया गया. बताया जा रहा है कि घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं. इस घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

महिला ने लगाया गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, हिरासत में रखी गई एक महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी अधिकारी ने उससे उसकी बेटी को भेजने की मांग की. महिला 80 लाख रुपये के धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के लिए लाई गई थी. आरोप है कि अधिकारी ने पैसों के बदले आपत्तिजनक प्रस्ताव रखा, जिससे महिला मानसिक रूप से आहत हुई. महिला ने आरोप लगाया कि जाधव ने कथित तौर पर उससे कहा, 'तुम बहुत खूबसूरत हो, तुम्हारी बेटी भी खूबसूरत होगी. उसे मेरे यहां भेज देना मैं उसे 10,000 रुपए दूंगा.'

शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई

इसके बाद महिला ने थाने में मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा. अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को निलंबित कर दिया. पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्ती से निपटा जाएगा.

आरोपी फरार, तलाश जारी

घटना सामने आने के बाद आरोपी अधिकारी फरार हो गया. पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई हैं. जांच का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल जुमलेने बताया कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा.

पहले भी लगे थे आरोप

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब पूर्व महिला आयोग सदस्य आशा मिर्गे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी शिकायतें आ चुकी हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई जरूरी है, ताकि पुलिस व्यवस्था में भरोसा बना रहे.