महाराष्ट्र में बड़ा विवाद, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर अशोक खरात से 17 बार फोन पर बात करने का आरोप
सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने दावा किया है कि एकनाथ शिंदे ने करीब 17 बार अशोक खरात के साथ फोन पर बात की है. इसके अलावा भी अंजलि ने कई दावे किए हैं.
महाराष्ट्र: एक नया राजनीतिक विवाद महाराष्ट्र में उफन रहा है. सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने दावा करते हुए कहा है कि राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और दुष्कर्म के आरोपित ढोंगी बाबा अशोक खरात के बीच करीब 17 बार फोन पर बात हुई थी. अंजलि दमानिया का कहना है कि अशोक खरात के कॉल रिकॉर्ड उन्होंने देखे हैं.
इसके साथ ही यह भी दावा किया है कि भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कुछ नेताओं ने भी खरात से फोन पर बात की है. अंजलि का कहना है कि अशोक खरात और एकनाथ सिंद के बीच जो सबसे लंबी बातचीत हुई है वो 21 मिनट की है.
खरात की सबसे ज्यादा बात हुई रूपाली चाकणकर से: अंजलि
अंजलि ने यह भी कहा है कि खरात ने अपनी पत्नी के बाद सबसे ज्यादा अगर किसी से बातचीत की है तो वह राकांपा नेता रूपाली चाकणकर से की है. इन दोनों के बीच करीब 177 बार फोन पर बात हुई, जिसकी कुल अवधि 33,727 सेकंड थी. रूपाली चाकणकर ने तब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया जब खरात से उनके संबंध सामने आए थे.
अंजलि दमानिया ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल और राकांपा नेता सुनील तटकरे के बीच 8-8 बार फोन पर बातचीत हुई. इसके अलावा भाजपा मंत्री आशीष शेलार से भी एक बार बात हुई थी.
शिवसेना नेता उदय सामंत ने दिया सभी आरोपों का जवाब:
इन भी आरोपों पर शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा है कि किसी के साथ भी फोन पर बात करना कोई अपराध नहीं है. इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी इन आरोपों को लेकर कहा है कि किसी से फोन पर बात करना या मिलना गलत नहीं है. किसी भी तरह का अपराध तभी साबित होता है, जब किसी अपराध में प्रत्यक्ष संलिप्तता साबित हो जाए.
बता दें कि मार्च में एक महिला ने अशोक खरात पर तीन साल तक बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. इस आरोप के बाद खरात को गिरफ्तार कर लिया गया. अब तक उसके खिलाफ कुल 8 पुलिस शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं.