जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस के डिब्बों में लगी भीषण आग, स्टेशन पर खड़ी थी ट्रेन
मधुबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी जयनगर-उधना अंत्योदय एक्प्रेस के खाली डिब्बों में भीषण आग लग गई. इस घटना के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया.
पटना: बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर उस समय हडकंप मच गया जब जयनगर-उधना अंत्योदय एक्प्रेस के खाली डिब्बों में भीषण आग लग गई. जानकारी के अनुसार ट्रेन मधुबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी थी और शंटिंग का काम जारी था. उसी वक्त अचानक ये घटना हुई.
आग इतनी तेजी से डिब्बे के अंदर फैली की देखते ही देखते पूरा डिब्बा जलकर खाक हो गया. बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 3:50 बजे के आस-पास हुई है. जयनगर उधना एक्सप्रेस जो एक साप्ताहिक ट्रैेन है सोमवार से ही मधुबनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी थी. इसे गुरुवार को उधना के लिए रवाना होना था. इसी दौरान अचानक एक डिब्बे से आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते यह आग इतनी भड़क गई की स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कर्मचारियों ने तत्काल एक्शन लेते हुए बचाव कार्य शुरू किया.
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
वहीं जैसे ही आग लगने की सूचना मिली आठ से दस दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया गया. हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक डिब्बा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था. इस घटना के बाद प्रशासन ने प्लेटफॉर्म को खाली कराया और सिक्योरिटी के इंतजाम किए गए. इसके बाद समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश और कमांडेंट आशीष कुमार सहित कई रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. इसके साथ ही अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
Also Read
जांच में जुटा प्रशासन
मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती रिपोर्ट्स में रेलवे की टीम घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करके आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. रेलवे प्रशासन ने बताया कि आग लगने के असली कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा.