T20 World Cup 2026

LPG संकट से बंद होने की कगार पर देश का होटल उद्योग, लाखों लोगों की रोजी-रोटी पर मंडराया खतरा

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण भारत में कमर्शियल एलपीजी की कमी गहराती जा रही है. कई शहरों में होटल और रेस्तरां बंद होने की चेतावनी दे रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार ने आपूर्ति संतुलित करने के लिए आपात कदम उठाए हैं.

pinterest
Sagar Bhardwaj

देश में कमर्शियल एलपीजी की अचानक कमी ने होटल और रेस्तरां उद्योग को चिंता में डाल दिया है. कई बड़े शहरों में गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने से होटल संचालकों ने जल्द ही संचालन बंद करने की चेतावनी दी है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोलियम और विदेश मंत्रियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की. उद्योग संगठनों का कहना है कि यदि गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो पर्यटन और खानपान से जुड़े लाखों लोगों पर इसका असर पड़ सकता है.

होटल उद्योग में बढ़ी चिंता

देश के कई शहरों में होटल और रेस्तरां संगठनों ने कमर्शियल एलपीजी की कमी को लेकर गंभीर चिंता जताई है. फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में हालात तेजी से बिगड़े हैं. मुंबई, पुणे, नागपुर और औरंगाबाद जैसे शहरों से गैस सप्लाई रुकने की खबरें मिल रही हैं. दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी इसी तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं.

अधिकारियों ने बताया अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे आवश्यक क्षेत्रों को आयातित एलपीजी की आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है. वहीं होटलों और रेस्तरां सहित विभिन्न उद्योगों से आ रही गैस की डिमांड की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है.

वहीं मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में कहा कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति स्थिर बनी हुई है और उन्होंने आश्वासन दिया कि चिंता की कोई गुंजाइश नहीं है साथ ही कहा कि होर्मूज जलडमरूमध्य के बाहर के मार्गों से आयात बिना किसी रुकावट के जारी है.