IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

वोट जिहाद, मंगलसूत्र, आरक्षण और संविधान, 2024 के चुनाव में हर दिन बदल रही शब्दावली

Lok Sabha Chunav: 2024 के लोकसभा चुनाव  में हर दिन नेताओं की शब्दावली में नए-नए शब्द आ रहे हैं. महिलाओं के मंगलसूत्र से लेकर विरासत और संपत्ति तक पर खूब जुबानी जंग हो रही है.

Social Media
India Daily Live

लोकसभा चुनाव के तीन चरण की वोटिंग लगभग पूरी हो चुकी है. अब तक के चुनाव में सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से जमकर जुबानी जंग हुई है. किसी ने किसी के परिवार पर हमला बोला है तो कोई पाकिस्तान की याद दिला रहा है. भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता जैसे मुद्दों को जमकर उछालते समय नेताओं की जुबान भी खूब फिसल रही है. दोनों तरफ से नए-नए शब्द गढ़कर अपने विरोधी को घेरने की कोशिशें भी खूब हुई हैं और ऐसे बयानों पर जमकर हंगामा भी हुआ है. कहीं किसी के बयान से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हुई है तो कहीं अपने विरोधी की मुंह से निकली एक बात को पकड़कर नेता लोग नैरेटिगव गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं.

चुनावी जंग में आपसी रिश्ते, तहजीब और सामान्य शुचिता भी खूब तार-तार हुई है. आरक्षण, इलेक्टोरल बॉन्ड, संविधान, सीएए-एनआरसी, राम मंदिर, रोजगार, गरीबी और वैक्सीन जैसे मुद्दे ऐसे हैं जिन पर हर दिन बयानबाजी हो रही है. चुनाव में इतिहास का भी खूब जिक्र हो रहा है. पीएम मोदी कांग्रेस को घेरने के लिए इमरजेंसी से मुगलकाल तक जा रहे हैं तो कांग्रेस भी बीजेपी नेताओं को जेल भेजने की धमकी दे रही है.

वोट जिहाद

सपा की एक नेता ने मारिया आलम ने फर्रुखाबाद में चुनाल प्रचार के दौरान 'वोट जिहाद' की अपील कर डाली. उनका कहना था कि मुस्लिम समाज के लोग मिलकर एक ही पार्टी को वोट करें. अब बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी खुलकर कह रहे हैं कि उनके खिलाफ कांग्रेस और विपक्षियों के इशारे पर 'वोट जिहाद' करवाया जा रहा है.

मंगलसूत्र

इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा और विवाद पीएम मोदी के मंगलसूत्र वाले बयान पर हुए हैं. पीएम मोदी ने राजस्थान की एक रैली में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनी तो वह हिंदू महिलाओं के गहने लेकर उसे घुसपैठियों में बंटवा देगी. पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस की नजर महिलाओं के मंगलसूत्र पर है. क्या आपको ये मंजूर है?' इस पर कांग्रेस ने पलटवार किया कि न तो कांग्रेस ने कभी ऐसा कहा है और न ही उसके मैनिफेस्टो में कहीं ऐसा लिखा गया है.

'मुस्लिम लीग का मैनिफेस्टो'

इस चुनाव में मुस्लिम लीग का भी खूब जिक्र किया गया है. कांग्रेस का मैनिफेस्टो जारी होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस मैनिफेस्टो पर मुस्लिम लीग की छाप दिखती है. इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को चिट्ठी भी लिख दी और कहा कि आप वक्त दीजिए, हम आपको मैनिफेस्टो समझाना चाहते हैं.

'शक्ति से लड़ाई'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक चुनावी रैली में कहा, 'हिंदू धर्म में एक शब्द होता है शक्ति, हम शक्ति से लड़ रहे हैं.' पीएम मोदी ने इसे महिलाओं और देवी से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग देवी और उनकी शक्ति से लड़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा, 'INDI अलायंस ने ऐलान कर दिया है कि जिस शक्ति में हिंदू धर्म की आस्था होती है, ये लोग उसी से लड़ना चाहते हैं.'