'अबकी पार 400 पार' होगा या नहीं? क्या कह रहे हैं Exit Polls, समझ लीजिए इशारा
Exit Polls: लोकसभा चुनाव के बाद आज एग्जिट पोल्स के नतीजे जारी किए जा रहे हैं. तमाम एग्जिट पोल्स में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनती दिख रही है.
Lok Sabha Election 2024 Exit Polls: आज यानी 1 जून को लोकसभा चुनाव के लिए 7वें और आखिरी चरण का मतदान संपन्न हुआ. मतदान संपन्न होते ही एग्जिट पोल के नतीजे जारी किए जा रहे हैं. अब तक जारी किए गए एग्जिट पोल्स के नतीजे बिल्कुल चौंकाने वाले हैं. चुनाव प्रचार के दौरान जो बीजेपी 'अबकी बार 400 पार' का दम भर रही थी, अब तक के एग्जिट पोल्स में भाजपा के लिए ऐसा संभव होता नजर नहीं आ रहा है, लेकिन एग्जिट पोल्स ने लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनने के संकेत दे दिए हैं.
भाजपा को 350 सीटें मिलने का अनुमान
ज्यादातर एग्जिट पोल्स ने भाजपा नीत एनडीए को इस बार के लोकसभा चुनाव में 543 सीटों में से 350 सीटें मिलने का अनुमान जताया है. चुनाव के दौरान जिस तरह का माहौल दिख रहा था उससे देखकर लग रहा था इस बार पक्ष-विपक्ष में अच्छा मुकाबला देखने को मिलेगा लेकिन लगता है पीएम मोदी का जादू एक बार फिर से चल गया.
कर्नाटक के नतीजों ने चौंकाया
एग्जिट पोल्स में कांग्रेस शासित कर्नाटक में भी भाजपा को दमदार बढ़त मिलने की संभावना है. ध्यान रहे कर्नाटक वही राज्य है जहां प्रज्वल रेवन्ना कांड के बाद चुनावी विश्लेषक भाजपा को भारी नुकसान होने की उम्मीद जता रहे थे लेकिन एग्जिट पोल में भाजपा-जेडीएस गठबंधन को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है. दक्षिण भारत के तमाम राज्यों आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियां दमदार प्रदर्शन करती दिखाई दे रही हैं.
आंध्र प्रदेश में विपक्ष का सफाया
India TV-CNX के एग्जिट पोल में चंद्रबाबू नायडू नीत टीडीपी और और एनडीए का गठबंधन विपक्ष का सूपड़ा साफ करता नजर आ रहा है. वहीं अन्नामलाई के नेतृत्व में भाजपा इस बार तमिलनाडु में भी अच्छा प्रदर्शन करती दिख रही है. एग्जिट पोल्स में एनडीए को तमिलनाडु में लगभग 7 सीटें मिलने का अनुमान है. India TV-CNX के एग्जिट पोल में एनडीए को 5-7 सीटें मिलने का अनुमान जताया है. हालांकि न्यूज-18 के एग्जिट पोल्स में एनडीए को तमिलनाडु में 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है.
यूपी में 2019 से भी ज्यादा सीटें
80 सीटों वाले सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है. 2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी में एनडीए को 64 सीटें नसीब हुई थी लेकिन इस बार उसे इससे भी बड़ा मैंडेट मिलता दिख रहा है. एग्जिट पोल्स में भाजपा को 68 से 71 सीटें मिल रही हैं.
महाराष्ट्र में एनडीए को हो रहा नुकसान
हालांकि महाराष्ट्र जो लोकसभा सीट के लिहाज से भारत का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है, वहां इस बार एनडीए को भारी नुकसान होता दिख रहा है. एग्जिट पोल्स में एनडीए को महाराष्ट्र में 30-36 सीटें और इंडिया गठबंधन को 13-19 सीटें मिलने की संभावना है.
दिल्ली में भी सातों सीटें पार
7 लोकसभा सीटों वाले दिल्ली पर इस बार सबकी पैनी नजर थी. माना जा रहा था कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से भाजपा को नुकसान हो सकता है लेकिन एग्जिट पोल्स में दिल्ली में भाजपा को पिछली बार की तरह इस बार भी सभी सातों सीटें मिलने का अनुमान है. बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 303 और एनडीए ने 352 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 52 सीटें और यूपीए ने कुल मिलाकर 91 सीटों पर जीत हासिल की थी.
असली नतीजे 4 जून को
कुल मिलाकर एग्जिट पोल्स ने एनडीए के सिर पर एक बार फिर से जीत का सेहरा सजा दिया है, लेकिन हार-जीत का पता 4 जून को चलेगा जब चुनाव आयोग लोकसभा चुनाव के परिणाम जारी करेगा.