Lok Sabha Election 2024: बारामती में बहन सुप्रिया के खिलाफ पत्नी को उतारेंगे अजित? कौन हैं सुनेत्रा पवार

Lok Sabha Election 2024: नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी यानी NCP चीफ अजित पवार की पत्नी लोकसभा चुनाव में बारामती सीट से पार्टी की प्रत्याशी हो सकती हैं. अगर ऐसा होता है तो बारामती लोकसभा सीट पर ननद और भाभी के बीच चुनाव जंग हो सकती है. कहा जा रहा है कि चुनावी जंग के लिए अजित पवार ने पिच तैयार भी कर दी है.

India Daily Live

Lok Sabha Election 2024: महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट पर इस बार चुनाव दिलचस्प हो सकता है. कहा जा रहा है कि बारामती से पहली बार ननद-भाभी के बीच चुनावी जंग देखने को मिल सकती है. सूत्रों के मुताबिक, आगामी लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की बारामती सीट से महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के मुखिया अजित पवार की पत्नी चुनाव लड़ सकती हैं. चुनाव में पवार परिवार में आमने-सामने की टक्कर होने की पूरी संभावना है.

दरअसल, शुक्रवार को बिना नाम लिए डिप्टी सीएम अजित पवार ने अपने मतदाताओं से भावनात्मक अपील की. अजित पवार की भावनात्मक अपील के बाद अटकलें तेज हो गईं कि NCP अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को बारामती सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है. फिलहाल, बारामती सीट से अजित पवार की चचेरी बहन सुप्रिया सुले सांसद हैं. अगर सुनेत्रा पवार चुनावी मैदान में उतरती हैं, तो उनका मुकाबला उनकी ननद सुप्रिया सुले से होना तय माना जा रहा है. शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने 2009 से लगातार तीसरी बार बारामती सीट से सांसद हैं. इससे पहले 2006 से 2009 तक वे राज्यसभा सदस्य थीं. 

राजनीतिक परिवार से आती हैं सुनेत्रा पवार

कहा जा रहा है कि सुनेत्रा पवार ने बारामती लोकसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार अभियान शुरू कर दिया है. सुनेत्रा पवार खुद राजनीतिक परिवार से आती हैं. उनके भाई पदमसिंह पाटिल एक सीनियर पॉलिटिशियन और राज्य के पूर्व मंत्री रह चुके हैं. सुनेत्रा पवार बारामती में सामाजिक कार्यों में एक्टिव रहती हैं. 


सुनेत्रा पवार 2010 में बनाए गए NGO एनवायर्नमेंटल फोरम ऑफ इंडिया की फाउंडर हैं. इसके अलावा, सुनेत्रा पवार शैक्षणिक संस्थान विद्या प्रतिष्ठान की ट्रस्टी भी हैं. इसके अलावा, वे 2011 से फ्रांस में विश्व उद्यमिता मंच की थिंक टैंक सदस्य रही हैं. 

डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनेत्रा और अजित पवार को दो बेटे हैं. बड़ा बेटा जय पवार पारिवारिक कारोबार देखते हैं, जबकि छोटे बेटे पार्थ राजनीति में इंट्रेस्ट रखते हैं. सुनेत्रा और अजित पवार के छोटे बेटे पार्थ पवार ने भी 2019 में मावल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

एक नजर में बारामती लोकसभा सीट का इतिहास

बारामती लोकसभा सीट को एनसीपी का गढ़ माना जाता है. पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने 1967, 1972, 1978, 1980, 1985 और 1990 में बारामती सीट से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और 1984, 1996, 1998, 1999 और 2004 में बारामती से लोकसभा चुनाव जीत हासिल की. बारामती लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व पिछले तीन बार से सुप्रिया सुले कर रही हैं. वहीं, अजित पवार ने 1991 में बारामती लोकसभा चुनाव जीता था और बाद में वे राज्य की राजनीति में सक्रिय हो गए. उन्होंने 1991, 1995, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 में विधानसभा चुनाव जीता है.