शादी के 3 घंटे बाद नकदी-जेवर लेकर फरार हुई लूटेरी दुल्हन, राजस्थान के दूल्हे के साथ बिहार में हुई ठगी

बिहार के गया में राजस्थान से आए दूल्हे के साथ ठगी का मामला सामने आया है. शादी के तीन घंटे बाद दुल्हन परिजनों सहित एक लाख से अधिक नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गई. पुलिस जांच में जुटी है.

X
Kanhaiya Kumar Jha

गया: कुछ रिश्ते बनते ही टूट जाते हैं और कुछ तो बनने से पहले ही धोखे की बुनियाद पर खड़े होते हैं. बिहार के गया जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां शादी के सिर्फ तीन घंटे बाद दुल्हन अपने परिजनों के साथ नकदी और जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गई. राजस्थान से सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर बिहार पहुंचे दूल्हे की खुशी पलक झपकते ही मातम में बदल गई.

युवक राजस्थान का रहने वाला है. किसी परिचित महिला के जरिये उसका रिश्ता गया जिले की एक लड़की से तय हुआ. दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, रस्में तय हुईं और गाँव में पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी की तारीख भी पक्की हो गई. दूल्हा अपने परिवार और उम्मीदों का बोझ लिए बिहार पहुंचा. उसे क्या पता था कि जिस घर में वो दुल्हन लेने आया है, वहाँ उसके लिए सिर्फ ठगी बिछी है.

फेरों की रात, लुटने की सुबह

शादी की रस्में पूरी हुईं, सात फेरे लिए गए और दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे के हो गए — कम से कम ऊपर से तो यही लगा. लेकिन तीन घंटे भी नहीं बीते थे कि दुल्हन अपने परिजनों के साथ नौ-दो ग्यारह हो गई. जाते-जाते वो वह सब कुछ भी साथ ले गई जो दूल्हा पक्ष ने शादी से पहले भेंट किया था — एक लाख रुपये से अधिक की नकदी और कीमती जेवरात. पीछे रह गया तो बस एक उजड़ा हुआ परिवार और सवालों का अंबार.


महिला दलाल के जरिये हुई थी शादी की सेटिंग

जानकारी के मुताबिक यह पूरा विवाह एक महिला की मध्यस्थता से तय हुआ था. शक की सुई अब उसी महिला की तरफ भी घूम रही है. सवाल उठ रहा है कि क्या यह एक सुनियोजित षड्यंत्र था, जिसमें दूल्हा पक्ष को शुरू से ही निशाना बनाया गया था? या फिर महिला खुद भी इस खेल की मोहरा थी? इन सवालों के जवाब अभी तफ्तीश के दायरे में हैं.

पुलिस में शिकायत, जांच शुरू

ठगी का एहसास होते ही पीड़ित परिवार ने गया पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. फरार दुल्हन और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार इस पूरे प्रकरण में शामिल लोगों की पहचान की कोशिश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है.