नाइटक्लब कांड में घिरे कप्तान बेन स्टोक्स दूसरे टेस्ट से बाहर, जो रूट संभालेंगे इंगलैंड की कमान

न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट जीत के बाद इंग्लैंड टीम विवाद में फंस गई है। बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को अनुशासनहीनता के आरोप में दूसरे टेस्ट से बाहर किया गया है.

X
Ashutosh Rai

इंग्लैंड क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के तुरंत बाद बड़ा झटका लगा है. टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन पर अनुशासन संबंधी नियम तोड़ने के आरोप लगे हैं. इसके चलते दोनों खिलाड़ियों को अगले टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया है.

कर्फ्यू उल्लंघन ने बढ़ाई मुश्किलें

लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद इंग्लैंड टीम के कुछ खिलाड़ी जश्न मनाने के लिए लंदन गए थे. इसी दौरान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन पर टीम द्वारा निर्धारित मिडनाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने का आरोप लगा. रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों खिलाड़ी एक नाइट क्लब में मौजूद थे, जहां कथित तौर पर विवाद की स्थिति पैदा हुई. मामला इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड तक पहुंचने के बाद बोर्ड ने तत्काल जांच शुरू कर दी. जांच पूरी होने तक दोनों खिलाड़ियों को दूसरे टेस्ट के लिए चयन प्रक्रिया से बाहर रखा गया है. इस फैसले ने इंग्लैंड टीम के भीतर अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है.


जो रूट को मिली नई जिम्मेदारी

टीम प्रबंधन ने इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट पर भरोसा जताया है. रूट पहले भी इंग्लैंड की टेस्ट टीम का नेतृत्व कर चुके हैं. उनके पास कप्तानी का लंबा अनुभव है. ऐसे समय में जब टीम सीरीज में 1-0 से आगे है, रूट के सामने खिलाड़ियों का मनोबल बनाए रखने और मैदान पर प्रदर्शन जारी रखने की जिम्मेदारी होगी.

जोफ्रा आर्चर की वापसी बनी राहत

जहां एक ओर टीम को दो प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी का सामना करना पड़ेगा. वहीं दूसरी ओर जोफ्रा आर्चर की टेस्ट टीम में वापसी इंग्लैंड के लिए राहत भरी खबर है. लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद आर्चर फिर से रेड-बॉल क्रिकेट में लौटे हैं. चयनकर्ताओं ने युवा बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को भी टीम में शामिल किया है. अब द ओवल में होने वाले दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की कोशिश होगी कि वह विवादों को पीछे छोड़कर सीरीज में बढ़त मजबूत करे और न्यूजीलैंड को वापसी का मौका न दे.