कोलकाता में लियोनेल मेस्सी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा हिलने से मची अफरा-तफरी, सामने आया वीडियो

अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान रिमोट से इस प्रतिमा का अनावरण किया था.

x
Sagar Bhardwaj

सोमवार को कोलकाता के टाउन लेक एरिया में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां लगी दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेस्सी की 70 फुट की प्रतिमा तेज हवाओं के बीच अचानक हिलने लगी. जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मूर्ति का निरीक्षण किया. मूर्ति की जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि अंडरग्राउंड पैदल यात्री क्रॉसिंग के ऊपर लगी यह 70 फुट ऊंची प्रतिमा, जिसका अनावरण पिछले साल दिसंबर में उस समय किया गया था जब मेस्सी कोलकाता आए थे, में संरचनात्मक खराबी पाई गई.

यह मामला सबसे पहले तब सामने आया जब स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने मेस्सी की प्रतिमा में थोड़ी हलचल देखी, लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी लेक आउन पुलिस स्टेशन को दी. पुलिस ने तुरंत PWD विभाग को इस बारे में सूचित किया जिसके बाद इंजीनियरों और कर्मचारियों ने प्रतिमा का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य किया. एक अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि प्रतिमा के पेंच ढीले हो गए थे जिसके बाद समस्या का समाधान कर दिया गया.

रिमोर्ट के जरिए किया था प्रतिमा का अनावरण

बता दें कि अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान रिमोट से इस प्रतिमा का अनावरण किया था जिसे बंगाल की फुटबॉल संस्कृति को एक प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि के रूप में पेश किया गया था लेकिन जल्द ही यह प्रतिमा कानूनी और सार्वजनिक जांच के दायरे में आ गई. इससे पहले अदालत में यह सवाल उठाया गया था कि क्या यह प्रतिमा सरकारी जमीन पर बनी है और क्या इसके लिए आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की गई थीं.

पूर्व मंत्री सुजीत बोस ने इस प्रतिमा की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. यह प्रतिमा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई थी, लोगों का मानना था कि प्रतिमा के चेहरे की बनावट मेस्सी से बहुत कम मिलती-जुलती है. कुछ ने मजाक में कहा कि यह किसी बॉलीवुड अभिनेता जैसी दिखती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे लगी इतनी बड़ी प्रतिमा के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम होने च चाहिए. हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि तात्कालिक संरचनात्मक समस्या का समाधान कर लिया गया है और स्थल की निगरानी जारी रहेगी.