West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'तुरंत माफी मांगें...', वोट चोरी रैली में PM मोदी के खिलाफ नारे लगाने पर रिजिजू और जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर बोला हमला

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए. जिसके बाद किरेन रिजिजू और जेपी नड्डा ने सोमवार को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी मांगने की मांग की.

x
Km Jaya

नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में भारी हंगामा देखने को मिला. यह विवाद कांग्रेस की वोट चोरी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों को लेकर खड़ा हुआ. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेतृत्व से तुरंत माफी की मांग की. उन्होंने कहा कि इस तरह के नारे न केवल शर्मनाक हैं बल्कि देश के प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं.

दिल्ली में रविवार को आयोजित कांग्रेस की वोट चोरी रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. इस वीडियो में कांग्रेस की कुछ महिला कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाती नजर आ रही हैं. जब यह मामला लोकसभा में उठा तो किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी का जिक्र करते हुए कहा कि इतने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ऐसे नारे लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

रिजिजू ने आगे क्या कहा?

रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनके खिलाफ इस तरह की भाषा बेहद निंदनीय है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को देश से तुरंत माफी मांगनी चाहिए. उनके बयान के बाद लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ और हालात को संभालने के लिए स्पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.

जेपी नड्डा ने क्या कहा?

इसी तरह का हंगामा राज्यसभा में भी देखने को मिला. जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस रैली में लगाए गए नारे पार्टी की सोच और मानसिकता को दर्शाते हैं. नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की बातें कहना निंदनीय है और सोनिया गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए. इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित करनी पड़ी.

वायरल वीडियो में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता मोदी तेरी कबर खुदेगी जैसे नारे लगाती दिख रही हैं. इस मामले में कार्यकर्ता मंजू लता मीना ने माफी मांगने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि यह उनका नारा है और उन्हें किसी तरह का कोई पछतावा नहीं है.