IPL 2026 US Israel Iran War

'ये मोदी की गारंटी है...', केरलम में प्रधानमंत्री ने रैली को किया संबोधित, कांग्रेस पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने रैली संबोधित करते हुए कहा कि केरलम बदलाव का संदेश दे रहा है. मैं आपको भरोसा देता हूं कि यहां बनने वाली बीजेपी-एनडीए सरकार केरलम का तेज विकास करेगी.

@BJP4India
Anuj

नई दिल्ली: केरलम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा हाई हो गया है. सभी राजनीतिक दलों ने जनता को लुभाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. राज्य में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

केरलम में अपनी सरकार बनाने के लिए बीजेपी धुआंधार प्रचार कर रही है. बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है. इस कड़ी में पीएम मोदी ने रैली को संबोधित किया है. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

'केरलम बदलाव का संदेश दे रहा है'

पीएम मोदी ने रैली संबोधित करते हुए कहा कि केरलम बदलाव का संदेश दे रहा है. एनडीए की बढ़ती लोकप्रियता, बीजेपी के प्रति बढ़ता लोगों का विश्वास और आज आप सबका ये समर्थन ये बता रहा है कि केरलम का मूड एक  movement बन चुका है.  अब केरलम के युवाओं का विश्वास बीजेपी और एनडीए है. केरलम की महिलाओं का स्नेह बीजेपी और एनडीए है. अब केरलम के किसानों का प्रेम भी बीजेपी और एनडीए है.

कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि केरलम दशकों से स्वार्थी राजनीति के दो मुखौटों के बीच फंसा हुआ है. एक ओर एलडीएफ तो दूसरी ओर यूडीएफ, एक ओर कम्युनिस्ट तो दूसरी ओर कांग्रेस, एक भ्रष्ट तो दूसरी महाभ्रष्ट, एक सांप्रदायिक तो दूसरा महासांप्रदायिक.

उन्होंने आगे कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ की सारी नीतियां केवल वोटबैंक पॉलिटिक्स के लिए ही होती हैं. इन्हें केरलम के विकास की कोई परवाह नहीं है. अब मैं आपको भरोसा देता हूं कि यहां बनने वाली बीजेपी-एनडीए सरकार केरलम का तेज विकास करेगी, विकसित केरलम बनाएगी. ये मोदी की गारंटी है.

'विकास के लिए हर प्रयास किए'

पीएम मोदी ने कहा कि केरलम में टीम बीजेपी और टीम एनडीए सरकार बनाने के लिए मैदान में है. हम केरलम की जनता के आशीर्वाद से, आप सबकी आशीर्वाद से यहां सरकार बनाएंगे और हम केरलम की सेवा में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे. एनडीए का लक्ष्य है कि केरलम के लोगों के सपने पूरे करना. हमने केंद्र में रहते हुए, केलरम के विकास के लिए हर प्रयास किए हैं.

अमेरिका-ईरान युद्ध का जिक्र

पीएम मोदी ने अमेरिका-ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इस समय पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध पर सबकी नजर है. इस युद्ध का प्रभाव भारत पर कम से कम पड़े, इसके लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है. यहां केरलम के बहुत सारे लोग युद्धग्रस्त क्षेत्रों में काम कर रहे हैं. युद्ध शुरू होने के बाद से ही मैं इन देशों के सभी राष्ट्राध्यक्षों से लगातार बात कर रहा हूं और संपर्क में हूं.

'भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता'

पीएम ने कहा कि सारे ही देश युद्ध क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं. वहां पर हमारे भाई-बहनों को कोई तकलीफ न हो, इसके लिए भारतीय दूतावास भी दिन-रात काम कर रहा है. भारतीयों के हितों की सुरक्षा, भाजपा-एनडीए सरकार के लिए सर्वोपरि है. वही इस संवेदनशील मामले में कांग्रेस जिस तरह की बयानबाजी कर रही है, वो भी आपको याद रखना है. कांग्रेस जिस तरह की बयान दे रही है, वह खतरनाक है.