नई दिल्ली: तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस इकाई ने पार्टी सांसद कार्ति चिदंबरम को नोटिस जारी किया है. राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी मामले में तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने कार्ति चिदंबरम को 10 दिन में जवाब देने को कहा है. कांग्रेस की तरफ से भेजे गए नोटिस का खुलासा सार्वजनिक तौर पर नहीं किया गया है. इसे सीधे सांसद कार्ति चिदंबरम को भेजा गया था.
कार्ति चिदंबरम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की वजह एक क्षेत्रीय चैनल के साथ इंटरव्यू के दौरान उनकी ओर से की गई टिप्पणी है. जहां उन्होंने आगामी चुनाव के मद्देनजर पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकप्रियता की तुलना की थी. दरअसल हाल के दिनों में थांथी टीवी के साथ एक साक्षात्कार में कार्ति चिदंबरम ने कहा था कि पीएम मोदी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ज्यादा लोकप्रिय हैं. उनका मुकाबला मुश्किल होगा. राहुल गांधी के पीएम मोदी के मुकाबले के सवाल के जवाब में कार्ति चिदंबरम ने कहा कि एक के बराबर दूसरे को रखें और प्रोपेगेंडा मशीन पर विचार करें तो नरेंद्र मोदी को स्वाभाविक रूप से बढ़त दिखती है. उनका मुकाबला मुश्किल होगा.
अपने इंटरव्यू में कार्ति चिदंबरम ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) पर भी भरोसा जताया है. कार्ति चिदंबरम की ओर से EVM के समर्थन को लेकर नोटिस में जवाब मांगा गया है. कार्ति चिदंबरम ने लगातार ईवीएम के इस्तेमाल की वकालत की है, जिससे पार्टी को उनके रुख के लिए स्पष्टीकरण मांगना पड़ा हैट कांग्रेस ने कई मौकों पर वीवीपैट (मतदाता-सत्यापित पेपर ऑडिट ट्रेल) का पक्ष लेते हुए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के संबंध में चिंता जताई है. कांग्रेस ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर चुनाव आयोग के सामने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाती रही है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने हाल ही में इस मुद्दे को उठाते हुए चुनाव आयोग को फिर से पत्र लिखा है.