उपराष्ट्रपति की मिमिक्री पर TMC सांसद के बिगड़े बोले, कहा 'एक बार नहीं, हजार बार करूंगा...' 

Kalyan Banerjee Mimicry: टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा है कि अगर आवश्यक हो तो मैं मिमिक्री एक हजार बार करूंगा. आप मुझे जेल में डाल सकते हैं.  

Amit Mishra

Kalyan Banerjee Mimicry Politics: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) की मिमिक्री कर विवादों में घिरे टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी (Kalyan Banerjee) ने फिर से दोहराया कि एक बार नहीं, हजार बार मिमिक्री करूंगा. उन्होंने कहा कि एक बार मैंने इसे किया है, यदि आवश्यक हो तो मैं इसे एक हजार बार करूंगा. आप मुझे जेल में डाल सकते हैं. आप मुझे मार सकते हैं, लेकिन लड़ाई नहीं रुकेगी. 

'क्या मजाक है और क्या मजाक नहीं'

कल्याण बनर्जी ने कहा कि श्रीरामपुर में बहुत सारे पढ़े-लिखे लोग हैं. वास्तव में बहुत सारे लोग हैं, जो कला जानते हैं. वे जानते हैं कि क्या मजाक है और क्या मजाक नहीं है. विपक्षी नेता के पास ये समझने की क्षमता नहीं है. बनर्जी ने कहा कि हममें से कुछ लोग विरोध करते समय गाने गाते हैं और चुटकुले बनाते हैं.

'मिमिक्री कोई नहीं बात नहीं'

कल्याण बनर्जी ने कहा कि क्या मिमिक्री सबसे पहले हमने देखी? प्रधानमंत्री ने मिमिक्री की? हमने इसका आनंद लिया. हमने इसे खेल की तरह लिया है. मिमिक्री कोई नई बात नहीं है. ये एक कला है. कल्याण बनर्जी ने कहा कि अगर किसी को चुटकुले समझ में नहीं आते तो मैं क्या कर सकता हूं. अगर किसी के पास शिक्षा नहीं है और उसे हास्य समझ में नहीं आता तो मैं क्या कर सकता हूं.