ऑपरेशन त्राशी-I का हीरो 'टायसन' डॉग, जानें कैसे किश्तवाड़ में खुद घायल होकर बचाई कई जिंदगिया, आतंकियों का बना काल
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन त्राशी-I के तहत जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया. मुठभेड़ के दौरान आर्मी डॉग टायसन को गोली लगी, लेकिन उसकी बहादुरी से आतंकियों का ठिकाना ध्वस्त किया गया.
किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया. ऑपरेशन त्राशी-I के तहत चलाए गए इस अभियान में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया.
जानकारी के अनुसार,आतंकियों ने एक मिट्टी के मकान में शरण ले रखी थी. कार्रवाई बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की गई. इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के प्रशिक्षित जर्मन शेफर्ड डॉग ‘टायसन’ ने अहम भूमिका निभाई.
टायसन के पैर में लगी गोली
टायसन सबसे पहले संदिग्ध ठिकाने की ओर बढ़ा और ऊबड़-खाबड़ इलाके में बने ठिकाने तक रेंगकर पहुंचा. जैसे ही वह आगे बढ़ा, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पहली गोली टायसन के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया. बावजूद इसके उसने पीछे हटने के बजाय आगे बढ़कर सैनिकों को सटीक लोकेशन का संकेत दिया. उसकी बहादुरी और सतर्कता के कारण सुरक्षाबलों को आतंकियों की स्थिति स्पष्ट हो सकी और जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकवादियों को ढेर किया गया.
मिट्टी के मकान में छिपे थे आतंकवादी
अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद का कुख्यात कमांडर सैफुल्ला भी शामिल है. जिस मिट्टी के मकान में आतंकी छिपे थे, उसमें गोलीबारी के दौरान आग लग गई, जिससे शव बुरी तरह झुलस गए. देर शाम तीसरे आतंकी का शव और एक हथियार जले हुए ठिकाने से बरामद किया गया. सुरक्षा एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन में यह पुष्टि हुई है कि तीनों आतंकी पाकिस्तान समर्थित जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े थे.
अब खतरे से बाहर है टायसन
मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए टायसन को तुरंत एयरलिफ्ट कर उधमपुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया. सूत्रों के अनुसार, वह अब खतरे से बाहर है और उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है. इस वर्ष जम्मू क्षेत्र में विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के कुल सात आतंकियों को मार गिराया जा चुका है.
घायल होने के बाद भी पीछे नहीं हटा टायसन
टायसन एक जर्मन शेफर्ड नस्ल का है. टायसन आतंकियों के ठिकाने की तरफ सबसे पहले बढ़ा था. ऑपरेशन के दौरान जब सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच लगातार गोलीबारी हो रही थी, तभी एक गोली उसके पैर में लग गई और वह घायल हो गया. गंभीर चोट लगने के बावजूद टायसन पीछे नहीं हटा और मिशन पर डटा रहा. उसकी बहादुरी और प्रशिक्षित सूझबूझ के कारण सुरक्षाबलों को आतंकियों के सटीक ठिकाने का पता चल सका. इसके बाद सुरक्षा बलों ने उस ठिकाने को घेरकर ध्वस्त कर दिया और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों को मार गिराया.
और पढ़ें
- तमिलनाडु में SIR का तगड़ा असर, विधानसभा चुनाव से पहले घटे 74 लाख वोटर, अंतिम लिस्ट में जानें क्या हुए बड़े बदलाव?
- 'घर संभालने वाली महिला आलसी नहीं...', दिल्ली हाईकोर्ट ने गुजारा भत्ते को लेकर सुनाया ऐतिहासिक फैसला
- '326 दिन, दुर्गम इलाका और सटीक खुफिया तंत्र...', जानें कैसे किश्तवाड़ में 7 खूंखार आंतकियों का सेना ने किया खात्मा?