US Israel Iran War

भारत में पेट्रोल-डीजल की हुई किल्लत? लोगों ने शुरू कर दी पैनिक बाइंग, तेल कंपनियों ने बताई सच्चाई

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण कई देशों में ईधन की किल्लत हो गई है. हालांकि भारत में स्थिति काबू में है. इस बात की जानकारी खुद तेल कंपनियों द्वारा दी गई है .

ANI
Shanu Sharma

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित हुई है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने के कारण कई पाकिस्तान, श्रीलंका जैसे कई देशों में ईधन की समस्या खड़ी हो गई है. ऐसे में भारत में भी शॉर्टेज की अफवाहें फैल गई, जिसके कारण लोग पैनिक बाइंग करने लगें. 

पेट्रोल-डीजल की किल्लत के अफवाहों के बीच कई राज्यों के पेट्रोल पंप पर लंबी कतारे लगने लगी. गाड़ी की टंकी फुल करवाने के बाद मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में लोग ड्रम और कैन में भी पेट्रोल खरीदने पहुंच रहे हैं. ऐसे में तेल कंपनियों द्वारा बयान जारी किया गया है. 

सोशल मीडिया पर फ्यूल शॉर्टेज की अफवाह

सोशल मीडिया पर ऐसा दावा किया जा रहा है कि युद्ध के कारण भारत में ईधन की सप्लाई पूरी तरह ठप होने वाली है. जिसके कारण आम दिन के मुकाबले दस गुणा ज्यादा लोग पेट्रोल-पंप पर पहुंच गए. इस स्थिति को देखते हुए देश की प्रमुख तेल कंपनियों ने बयान जारी किया है.

तेल कंपनियों ने दिलाया भरोसा

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है. कंपनी ने लिखा कि ऑनलाइन फैलाई जा रही ऐसी अफवाहों के कारण बेवजह चिंता पैदा हो सकती है. इस पोस्ट में कंपनी ने लिखा कि हमारे आउटलेट्स पर पूरा स्टॉक उपलब्ध है और वे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं. कंपनी ने लोगों से अपील की कि वे घबराकर ज्यादा मात्रा में ईंधन न खरीदें और केवल आधिकारिक सूत्रों पर ही भरोसा करें.

भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी लोगों को इस बात पर भरोसा दिलाया है. कंपनी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें पूरी तरह बेबुनियाद हैं. भारत के पास ईंधन का पर्याप्त भंडार है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से चल रही है.

सीएम पटेल ने की जनता से अपील

राज्य में बढ़ते हलचल को देखते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई में कोई व्यवधान नहीं है. मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में स्थानीय प्रशासन ने भी पेट्रोल पंप मालिकों के साथ समन्वय कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं. सभी तेल कंपनियों का कहना है कि देश के रिफाइनरियां पूरी क्षमता से चल रही हैं और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.